बिहार
बिहार के कई जिलों में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो से तीन दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। हालांकि सीमांचल क्षेत्र के लिए थोड़ी राहत की खबर है। मौसम विभाग की माने तो 17 से 19 अप्रैल के बीच अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इससे तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है।

लू चलने की आशंका
वहीं, 18 अप्रैल से दक्षिण और मध्य बिहार के बक्सर, रोहतास, कैमूर, भोजपुर, औरंगाबाद, गया और पटना में लू चलने की आशंका है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। इस दौरान लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है। साथ ही खुद को हाइड्रेट रखने की भी सलाह दी गई है।

पटना की अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस
वहीं बुधवार को राज्य का अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस डेहरी (रोहतास) में दर्ज किया गया, जबकि वैशाली में न्यूनतम तापमान 19.9 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी पटना की बात करें तो अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो पिछले दिनों की तुलना में बढ़ा है। तेज धूप और झुलसाने वाली गर्मी के कारण दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिल रहा है। लोग केवल जरूरी काम से ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पूर्वी बिहार को छोड़कर बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा।