logo

दानापुर में पूर्व मुखिया का शव मिलने से हड़कंप, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

mau2.jpg

दानापुर/पटना
दानापुर अंतर्गत बिहटा के राघोपुर इलाके में पूर्व मुखिया संजय सिंह यादव का शव खेत से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना से नाराज ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। सड़क पर आगजनी करते हुए ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। मृतक की बहन ने पुलिस पर हत्या का आरोप लगाया है। 


घटना की सूचना मिलते ही बिहटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। घटनास्थल पर एफएसएल टीम और वरीय पुलिस अधिकारियों के पहुंचने की भी जानकारी है। पूर्व मुखिया संजय सिंह यादव का शव मिलने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर आगजनी कर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया है। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की है। सड़क जाम के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित है।

पूर्व मुखिया पर दर्ज थे कई मामले
जानकारी के अनुसार, संजय सिंह यादव के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज थे। कुछ समय पहले पुलिस ने उनके घर पर छापेमारी भी की थी, लेकिन उस दौरान वह नहीं मिले थे। खबर लिखे जाने तक घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, वैज्ञानिक साक्ष्य और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

Tags - Danapur News Patna News Bihar Crime News