बिहार
बिहार में बुधवार को बक्सर जिले का तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राज्य के लगभग सभी जिलों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पार कर चुका है। बढ़ते पारा और लू के खतरे को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को चेतावनी जारी की है। अगले दो से तीन दिनों के भीतर अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री बढ़ोतरी होने के आसार है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले दो दिनों तक मौसम गर्म और शुष्क बना रहेगा।

24 अप्रैल से मौसम में बदलाव
24 अप्रैल से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। राज्य के उत्तर मध्य और उत्तर पूर्वी भागों में गरज-चमक के साथ तेज आंधी और बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इसे लेकर राज्य में येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं 27-28 अप्रैल को किशनगंज, अररिया और सुपौल जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है।

पारा 44.4 डिग्री के पार
बुधवार को बक्सर जिले के डुमरांव में अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे अधिक तापमान है। वहीं राजधानी पटना में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिससे हीटवेव जैसी स्थिति बनी रही। हालांकि, सीमांचल क्षेत्र के किशनगंज, अररिया, पूर्णिया और कटिहार में मौसम में हल्की ठंडक महसूस की गई, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली।