logo

बिहार सिपाही भर्ती परीक्षा आज, दो पालियों में होंगे एग्जाम; 4,260 अभ्यर्थी होंगे शामिल

बिहार_सिपाही.jpg

द फॉलोअप,बिहार
बिहार सरकार के विभिन्न विभागों में मद्य निषेध सिपाही, कक्षपाल और चलंत दस्ता सिपाही के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा रविवार को आयोजित होगी। जिले के तीन परीक्षा केंद्रों पर कुल 4,260 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। गोपालगंज के अलावा सीवान, सारण, पूर्वी चंपारण समेत आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

समय सीमा के बाद नहीं मिलेगा प्रवेश
परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। अभ्यर्थियों को पहली पाली के लिए सुबह 9 बजे तक तथा दूसरी पाली के लिए दोपहर 2 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। सभी केंद्रों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बलों की तैनाती की गई है। अधिकारियों को परीक्षा के दौरान लगातार निगरानी रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर रोक
परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए ई-एडमिट कार्ड के साथ वैध फोटो पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थी वोटर आईडी, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट या अन्य सरकारी पहचान पत्र प्रस्तुत कर सकते हैं। परीक्षा ओएमआर शीट पर होगी। इसलिए रोल नंबर और अन्य विवरण भरते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। वहीं मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस समेत सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नकल या अनुचित साधनों का उपयोग करते पकड़े जाने पर अभ्यर्थियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Tags - Bihar Constable Recruitment Exam Bihar Sipahi Bharti Exam 2026 Bihar Police Recruitment