logo

ड्यूटी से लौट रहे डीसीएलआर कार्यालय के ऑपरेटर की सड़क हादसे में मौत, दो मासूमों के सिर से उठा पिता का साया

ड्यूटी से लौट रहे डीसीएलआर कार्यालय के ऑपरेटर की सड़क हादसे में मौत, दो मासूमों के सिर से उठा पिता का साया


अररिया/बिहार
अररिया में सोमवार देर शाम हुए भीषण सड़क हादसे में डीसीएलआर कार्यालय के कंप्यूटर ऑपरेटर कौशल कुमार मंडल (36) की मौत हो गई। कार्यालय से ड्यूटी खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे तभी जोकीहाट-अररिया फोरलेन पर बैरगाछी के समीप पीछे से आ रहे एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कौशल की मौके पर ही मौत हो गई। कौशल पलासी प्रखंड के पकड़ी गांव के रहने वाले थे। घटना के बाद से वाहन चालक फरार है। 

पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचा शव
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। जैसे ही कौशल का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पकड़ी पहुंचा, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे और नम आंखों से उनका अंतिम संस्कार किया गया।

दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
कौशल कुमार मंडल अपने पीछे वृद्ध माता-पिता, पत्नी और दो छोटे बच्चों का परिवार छोड़ गए हैं। परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य की अचानक मौत से घर में मातम पसरा हुआ है। मां मंजू देवी और पत्नी सोनी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है। फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान में जुटी हुई है।

Tags - Araria Road Accident DCLR Office Operator Death Kaushal Kumar Mandal