पटना/बिहार
पटना के चर्चित ज्ञान बिंदू कोचिंग संस्थान के संचालक रोशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल के एक होटल में मौत हो गई है। इस मामले में खुलासा हुआ है कि प्रिंस ने बीती रात अत्यधिक शराब पी ली थी, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ी थी। आनन-फानन में दोस्तों ने विराटनगर नोबेल हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

कोचिंग विवाद मामले में नाम आने के बाद नेपाल में छिपा था प्रिंस
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात अत्यधिक शराब सेवन के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। विराटनगर के वार्ड संख्या-09 स्थित शुभम होटल में ठहरे प्रिंस को उसके दोस्तों ने तत्काल नोबेल हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद बिहार और नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में चर्चा तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि प्रिंस यादव कोचिंग विवाद से जुड़े मामले में नामजद अभियुक्त था। पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारी की आशंका के चलते वह अपने चार साथियों के साथ नेपाल चला गया था। पिछले कुछ दिनों से वह विराटनगर के शुभम होटल में रह रहा था।
CCTV और होटल रिकॉर्ड की जांच शुरू
घटना के बाद नेपाल पुलिस ने होटल के कमरे से शराब की बोतलें बरामद की हैं। घटना के समय प्रिंस के साथ मौजूद चारों दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने होटल के CCTV फुटेज और एंट्री रजिस्टर को भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं, परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के पहुंचने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर आधिकारिक पुष्टि की जाएगी।