द फॉलोअप डेस्क
बिहार के जहानाबाद जिले से एक निजी विद्यालय के हॉस्टल में पांच साल के एक मासूम छात्र की संदिग्ध मौत होने की सूचना है। घटना कड़ौना थाना क्षेत्र के कनौदी के समीप का है। मृतक की पहचान बुलाकी बिगहा निवासी धनंजय कुमार के पुत्र आशू कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, आशू लगभग 10 दिन पहले ही हॉस्टल में रहकर पढ़ने के लिए आया था। सोमवार की सुबह विद्यालय प्रबंधन की ओर से स्वपजनों को फोन कर बच्चे की तबीयत खराब होने की सूचना दी गई। इधर, सूचना मिलते ही परिजन बच्चे को लेकर पटना के एक क्लीनिक पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हालांकि इस दौरान एक चौंकाने वाली सबूत सामने आई है। परिजनों का कहना है कि बच्चे के शरीर पर चोट के कई निशान दिखे हैं। वहीं बच्चे के मामा राहुल कुमार के अनुसार, गर्दन और पेट पर धारदार हथियार से वार जैसे निशान पाए गए हैं। निशान को देखते हुए परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने विद्यालय के समीप सड़क जाम कर जमकर हंगामा किया। बहरहाल मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष चंद्र चौधरी ने परिजनों को भरोशा दिलाया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। स्कूल संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अगर स्कूल प्रबंधन की गलती निकलती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।