द फॉलोअप डेस्क
बिहार के मधुबनी जिले के पंडौल औद्योगिक क्षेत्र में आज शनिवार को 400 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित टेक्सटाइल्स सह लेदर फैक्ट्री का भव्य उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सूत्रों के मुताबिक, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दोपहर 12 बजे पटना से हेलीकॉप्टर से पंडौल के लिए रवाना हुए और करीब 1 बजे ललित नारायण मिश्र फुटबॉल ग्राउंड, मकसूद में बने हेलीपैड पर उतरे। इसके बाद वे सड़क मार्ग से पंडौल औद्योगिक क्षेत्र पहुंचे, जहां उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया।

वहीं मौके पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा, विधायक विनोद नारायण झा और माधव आनंद समेत कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे। दरअसल सावि ग्लोबल फैशन द्वारा स्थापित इस फैक्ट्री से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और औद्योगिक विकास को गति मिलेगी। कहा जा रहा है कि फैक्ट्री शुरू होने से पंडौल औद्योगिक क्षेत्र को नई पहचान मिलेगी और मधुबनी जिले में औद्योगिक निवेश को भी बढ़ावा मिलेगा।