logo

रामगढ़ के हिमांशु ने राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप में जीता गोल्ड, अब एशियन चैंपियनशिप ट्रायल पर नजर

रामगढ़ के हिमांशु ने राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप में जीता गोल्ड, अब एशियन चैंपियनशिप ट्रायल पर नजर

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
रामगढ़ जिले के चुंबा गांव के युवा पहलवान हिमांशु कुमार ने राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर झारखंड को गौरवान्वित किया है। हरियाणा के सोनीपत में अक्टूबर महीने में आयोजित इस प्रतियोगिता के अंडर-17 ओपन वर्ग के 52 किलोग्राम फ्रीस्टाइल मुकाबले में हिमांशु ने शानदार खेल दिखाया। फाइनल मुकाबले में उन्होंने हरियाणा के पहलवान को शिकस्त देकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस कामयाबी के बाद चुंबा गांव सहित रामगढ़ के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है।

अब एशियन चैंपियनशिप के ट्रायल पर निगाहें

राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल करने के बाद हिमांशु का अगला लक्ष्य जूनियर रेसलिंग एशियन चैंपियनशिप का ट्रायल है। इस चयन प्रक्रिया में सफल होने पर उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिल सकता है। इससे पहले भी हिमांशु झारखंड खेलो में रजत पदक जीत चुके हैं। वहीं, अब वह खेलो इंडिया प्रतियोगिता में झारखंड की ओर से हिस्सा लेने की तैयारी कर रहे हैं। प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है।

स्कूल के शिक्षक से सीखी कुश्ती, डोजो में ले रहे प्रशिक्षण

हिमांशु ग्रेट यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल, चुंबा में दसवीं कक्षा के छात्र हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय स्कूल के शिक्षक बबलू सर को दिया, जिनसे उन्हें कुश्ती की बारीकियां सीखने का मौका मिला। फिलहाल वह कुजू स्थित द चैंपियंस डोजो में कुश्ती का प्रशिक्षण ले रहे हैं। हिमांशु ने बताया कि वह झारखंड प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में भी स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। उनके पिता उमेश महतो कॉन्ट्रैक्टर हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद लगातार मेहनत और अभ्यास के दम पर हिमांशु ने राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बनाई है। उनकी उपलब्धि से परिवार और पूरे क्षेत्र में उत्साह है। स्थानीय खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि वह आगामी एशियन चैंपियनशिप ट्रायल और खेलो इंडिया में भी बेहतर प्रदर्शन करेंगे।

Tags - Jharkhand Sports Wrestling Championship Ramgarh News Himanshu Kumar Gold Medal