द फॉलोअप डेस्क:
इंदौर के होलकर स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच 11 अक्टूबर को होने वाले तीसरे टी-20 इंटरनेशनल मैच की तैयारियां तेज हो गई हैं। मैच के लिए मैदान को तैयार किया जा रहा है। इस बार टीवी प्रसारण और दर्शकों के अनुभव को ध्यान में रखते हुए आउटफील्ड को खास लुक दिया जा रहा है। घास पर ‘चेक्स’ यानी चौकड़ी वाला पैटर्न तैयार किया जाएगा। मैच को लेकर दर्शकों में भी खासा उत्साह है। मंगलवार को स्टूडेंट कन्सेशन टिकटों की बुकिंग शुरू होते ही 1200 छात्रों का रजिस्ट्रेशन कुछ ही मिनटों में पूरा हो गया। दस्तावेजों की जांच के बाद पात्र छात्रों को टिकट दिए जाएंगे। वहीं, सामान्य श्रेणी के दर्शकों के लिए ऑनलाइन टिकट बिक्री 25 सितंबर की सुबह 6 बजे से शुरू होगी। भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी-20 सीरीज का आगाज 6 अक्टूबर से होगा। पहला मुकाबला लखनऊ में, दूसरा 9 अक्टूबर को रांची में और तीसरा मैच 11 अक्टूबर को इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेला जाएगा। इंदौर का मुकाबला शाम 7 बजे से शुरू होगा। इसके बाद चौथा टी-20 14 अक्टूबर को हैदराबाद और पांचवां मुकाबला 17 अक्टूबर को बेंगलुरु में होगा।

1000 रुपये से शुरू होगी टिकट की कीमत
होलकर स्टेडियम में मैच देखने के लिए सबसे सस्ता टिकट 1000 रुपये का बताया गया है। वहीं, पैवेलियन टिकट की कीमत 12,500 रुपये रखी गई है। अन्य श्रेणियों के टिकटों की कीमत मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से जारी की जाएगी। होलकर स्टेडियम में अब तक चार टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारत ने तीन मैच जीते हैं, जबकि एक मैच में उसे हार मिली है। यानी इस मैदान पर भारत का जीत प्रतिशत 75 फीसदी है। 11 अक्टूबर का मुकाबला होलकर स्टेडियम में होने वाला पांचवां टी-20 इंटरनेशनल होगा। होलकर स्टेडियम में पहला टी-20 इंटरनेशनल 22 दिसंबर 2017 को भारत और श्रीलंका के बीच खेला गया था। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 260 रन बनाए। कप्तान रोहित शर्मा ने 43 गेंदों पर 118 रन की तूफानी पारी खेली, जबकि केएल राहुल ने 49 गेंदों पर 89 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका की टीम 172 रन पर ऑलआउट हो गई और भारत ने 88 रन से मैच जीत लिया।
2020 में भारत ने 7 विकेट से दर्ज की जीत
होलकर में दूसरा टी-20 इंटरनेशनल 7 जनवरी 2020 को भारत और श्रीलंका के बीच खेला गया। श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 142/9 रन बनाए। भारत ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 17.3 ओवर में 144/3 रन बनाकर मुकाबला सात विकेट से जीत लिया। 4 अक्टूबर 2022 को होलकर में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीसरा टी-20 खेला गया। दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 227/3 रन बनाए। राइली रुसो ने 48 गेंदों पर नाबाद 100 रन की पारी खेली। जवाब में भारतीय टीम 18.3 ओवर में 178 रन पर ऑलआउट हो गई और दक्षिण अफ्रीका ने 49 रन से मुकाबला जीत लिया।
.jpeg)
2024 में अफगानिस्तान को 6 विकेट से हराया
होलकर में भारत का पिछला टी-20 इंटरनेशनल मुकाबला 14 जनवरी 2024 को अफगानिस्तान के खिलाफ हुआ था। अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 172 रन बनाए। भारत ने यशस्वी जायसवाल के 68 और शिवम दुबे के नाबाद 63 रन की मदद से 15.4 ओवर में 173/4 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। भारत ने यह मुकाबला छह विकेट से जीता। इस मैच के प्लेयर ऑफ द मैच अक्षर पटेल रहे थे। वेस्टइंडीज की 15 सदस्यीय टी-20 टीम की कप्तानी शाई होप करेंगे। टीम में ज्वेल एंड्रयू, रोस्टन चेस, मैथ्यू फोर्ड, शिमरोन हेटमायर, अकील हुसैन, शमार जोसेफ, गुडाकेश मोती, कीमो पॉल, कामिल पूरन, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, क्वेंटिन सैमसन, रोमारियो शेफर्ड और शमार स्प्रिंगर शामिल हैं। भारत-वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी-20 सीरीज का कार्यक्रम बीसीसीआई ने मार्च 2026 में घोषित किया था। इंदौर में 11 अक्टूबर को होने वाला मुकाबला इस सीरीज का तीसरा मैच होगा।