द फॉलोअप डेस्क, रांची:
बाधा टली, क्या मिटेगी पीड़ा। जो यूं नेताजी के चरणों में गिरा। इस तस्वीर को देखिए तो जरा। चरणों में लोटे यह वही बैजनाथ साह हैं, बस अबकी नेता अलग हैं। आप चूक गए शायद, लेकिन महज कुछ समय के अंतराल पर राधा गोविंद यूनिवर्सिटी के संस्थापक बैजनाथ साह मंत्री योगेंद्र प्रसाद के बाद आदित्य साहू के चरणों की धूल भी फांक गये हैं। चाटूकारिता की ट्रेनिंग ऐसी कि चरण चाहे मंत्री योगेंद्र प्रसाद के हों या राज्यसभा सांसद और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के, बैजनाथ साह की भाव-भंगिमा, पॉश्चर और एक्टिंग हूबहू मेल खाती है। चरणचाट में इतना परफेक्शन कि बॉलीवुड वाले मिस्टर परफेक्टनिस्ट भी असुरक्षित महसूस करेंगे। मतलब, इतना परफेक्ट चाट तो झारखंड में कहीं नहीं मिलता।

यूनिवर्सिटी पर फर्जी डिग्री बांटने का आरोप
वैसे, संकट में पड़ा व्यक्ति सारे 33 कोटि देवी-देवताओं को याद करता है। मुश्किल मुंह बांये खड़ी हो तो आदमी को हनुमान से लेकर परशुराम तक, सब याद आते हैं। राधा गोविंद हॉस्पिटल की स्थापना करने वाले बैजनाथ साह की यूनिवर्सिटी संकट में है। आरोप है कि महिला पर्यवेक्षिका के 33 उम्मीदवारों को इन महाशय की यूनिवर्सिटी ने थोक के भाव डिग्रियां बांट दी। अब इस संकट के निराकरण के लिए बैजनाथ साह को भी सियासत के सारे देवता याद आ रहे हैं। बैजनाथ साह सबके चरणों पर मत्था टेकते हैं। भक्ति में इस बात का फर्क नहीं करते कि देवता भाजपा का है कि झामुमो का।

बैजनाथ साह का सोशल मीडिया पर उड़ा मजाक
संकट में पड़ा व्यक्ति कुछ भी करने को तैयार होता है। बैजनाथ साह भी भक्ति भाव में ऐसे डूबे हैं कि न तो आत्मसम्मान की परवाह है और ना ही नये झक्क सफेद सफारी सूट की चिंता। कहना गलत नहीं होगा कि यहां यूनिवर्सिटी बचाने के लिए बैजनाथ साह ने अपना आत्मसम्मान ही गिरवी रखा है। ओह! माफ कीजिएगा। आत्मसम्मान तो इन्होंने डिग्री के साथ पहले ही बेच दिया है। लगता है उठाने वालों ने भी उन्हें आदित्य साहू के चरणों से उठाकर यही कहा होगा कि, अरे बैजनाथ जी! अपना सेल्फ रेस्पेक्ट भी तो उठाते जाइये।

आदित्य साहू को भी साष्टांग दंडवत प्रणाम किया
आदित्य साहू के चरणों में बैजनाथ साह बिलकुल वैसे ही गिरे हैं, जैसे अक्सर शेयर बाजार गिरता है। धड़ाम से। हाथ जोड़े, घुटनों के बल बैठे और फिर आदित्य साहू के पैर पकड़कर साष्टांग दंडवत लेट गये। आदित्य साहू ने धर-पकड़कर ऊपर उठाया तो बैजनाथ साह की आंखों में आंसू थे। अब ये तो रहस्य ही है कि बैजनाथ साह भक्ति रस में ऐसे डूबे की नेत्र सजल हो गये या बैक टू बैक दंडवत प्रणाम करने से उनके घुटने छिल गये थे। लगता है यह राज भी बैजनाथ जी के सेल्फ रेस्पेक्ट के साथ चला गया।