logo

जेठ ने महिला की हत्या की, शव से काटे मांस के टुकड़े; झारखंड के इस गांव में हैवानियत

जेठ ने महिला की हत्या की, शव से काटे मांस के टुकड़े; झारखंड के इस गांव में हैवानियत

सरायकेला-खरसावां:

Jharkhand Crime News: सरायकेला-खरसावां (Saraikela Kharsawan) जिले में हत्या (Murder) की ऐसी वारदात को अंजाम दिया गया, जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। मामला कुचाई (Kuchai) का है। दलभंगा ओपी क्षेत्र अंतर्गत जोम्बरो गांव स्थित गांडकीदा टोला में शख्स ने महिला रिश्तेदार की धारदार हथियार से हत्या कर दी। आरोपी की बर्बरता यही नहीं रूकी। हत्यारोपी ने मृतका के शव से हाथ-पांव समेत कई हिस्सों का मांस काट लिया। गांव में इस बात भी चर्चा है कि आरोपी इन टुकड़ों को पकाकर खाने की तैयारी में था। हालांकि, पुलिस की ओर से मांस को पकाकर खाने के दावों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। 

मृतका 46 वर्षीय विश्वासी सोय है
मृतका की पहचान 46 वर्षीय विश्वासी सोय के रूप में हुई है, जबकि आरोपी 54 वर्षीय पौलुश मुंडा रिश्ते में उसका दूर का जेठ बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही दलभंगा ओपी प्रभारी नरसिंह मुंडा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद आरोपी की तलाश में छापेमारी की। देर शाम घेराबंदी कर पौलुश मुंडा को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतका के पति निर्मल सोय के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गयी। गुरुवार को आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला भेजा, जहां प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया।

हटिया में हड़िया बेचने के बाद हुआ विवाद
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार को गांव के समीप मेला लगा था। विश्वासी सोय गांव के ही पौलुश मुंडा की पत्नी के साथ मेले में हड़िया बेचने गई थी। शाम को पौलुश दोनों के हड़िया के बर्तन बाहंगी में लेकर घर लौट आया। इसके बाद वह गांव के कुछ लोगों के साथ बैठकर शराब पीने लगा। इसके बाद देर रात सभी लोग अपने-अपने घर चले गये, लेकिन विश्वासी वहीं रुक गयी। इसी दौरान किसी बात को लेकर विश्वासी और पौलुश के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि इसी दौरान पौलुश ने धारदार हथियार से विश्वासी पर हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गयी।

वीभत्स हत्याकांड से पूरे गांव में फैली दहशत
हत्या के बाद आरोपी ने जो किया, उसने वारदात को और भयावह बना दिया। आरोप है कि उसने मृतका के शव को घर के बाहर फेंकने से पहले उसके शरीर के कई हिस्सों से मांस काटकर अलग कर दिया। बुधवार को ग्रामीणों की नजर जब शव पर पड़ी, तो पूरे गांव में घटना की खबर फैल गयी। शव की हालत देखकर लोग स्तब्ध रह गये। शरीर से मांस काटे जाने और उसे पकाकर खाने की तैयारी की चर्चा ने ग्रामीणों के बीच भय और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से किसी तरह की पुष्टि नहीं की गयी है।

मृतका के पति के बयान पर मुकदमा दर्ज किया
दलभंगा ओपी प्रभारी नरसिंह मुंडा ने बताया कि मृतका के पति निर्मल सोय के बयान पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद के बाद धारदार हथियार से हमला कर हत्या किये जाने की बात सामने आयी है। आरोपी ने मृतका के शरीर के कई हिस्सों से मांस के टुकड़े भी काटे थे। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Tags - Jharkhand NewsSaraikela KharsawanMurderWomen MurderCrime News