logo

2 दिवसीय दौरे पर बिहार आ रहे हैं उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, इन कार्यक्रमों में लेंगे हिस्सा

14615news.jpg

द फॉलोअप टीम, पटना: 

उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू 2 दिवसीय दौरे पर बिहार आ रहे हैं। उपराष्ट्रपति शनिवार देर शाम विशेष विमान से पटना पहुंचेंगे। यहां से उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू राजभवन जाएंगे और यहीं रात्रि विश्राम करेंगे। रविवार को वो मोतिहारी के पीपराकोठी और नालंदा का दौरा करेंगे। पीपराकोठी में उपराष्ट्रपति कृषि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगे। 

उपराष्ट्रपति के साथ होंगे सीएम नीतीश 
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दोनों कार्यक्रमों में उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू के साथ शामिल होंगे। मिली जानकारी के मुताबिक मोतिहारी के बाद उपराष्ट्रपति राजगीर स्थित नालंदा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी में आयोजित धर्म-धम्म विषय पर आयोजित 3 दिवसीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश के उपराज्यपाल फागू चौहान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और विदेश राज्यमंत्री मीनाक्षी लेखी भी शामिल रहेंगे। देश-विदेश के कई विद्वान इसमें हिस्सा लेंगे। 

कृषि विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह 
इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू पटना एयरपोर्ट से नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे। मोतिहारी में राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित दीक्षांत समारोह में उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू छात्रों को उत्तीर्ण प्रमाण पत्र देंगे। यहीं दीनदयाल उपाध्याय हॉर्टिकल्चर कॉलेज के नये भवन का उद्घाटन भी करेंगे। उपराष्ट्रपति यहां प्रजनन उत्कृष्टता केंद्र का भी उद्घाटन करेंगे। उपराज्यपाल भी मौजूद रहेंगे।