द फॉलोअप टीम, गुमला:
झारखंड के लिए एक और गैरव का दिन है। गुमला जैसे पिछड़े इलाके के कैडेट इस बार दिल्ली में होने वाले गणतंत्र दिवस परेड में हिस्सा लेंगे। इतना हीं नहीं वे बिहार-झारखंड निदेशालय एनसीसी का प्रतिनिधित्व करेंगे। दोनों एनसीसी कैडेट कार्तिक उरांव महाविद्यालय के छात्र हैं।
एनसीसी के सर्वश्रेष्ठ कैंप में से एक में शामिल होना गर्व की बात
गुमला के 46-झारखंड बटालियन एनसीसी कार्तिक उरांव महाविद्यालय के एनसीसी कैडेट सार्जेंट सुशील तिर्की और कमलेश साहू भाग लेंगे। दोनों कैडेट स्नातक राजनीतिक शास्त्र और भूगोल विभाग के छात्र हैं। एनसीसी महानिदेशालय द्वारा आयोजित गणतंत्र दिवस कैंप के लिये दोनों कैडेटों का चयन अगस्त में हुआ था। इसके बाद कैडेटों को बिहार के बरौनी में ट्रेनिंग दी गयी। कैडेटों को दिल्ली जाने तक के सफर के लिए कड़े ट्रेनिंग से गुजरना पड़ता है। इसके बाद उन्हें दिल्ली जाने का सपना पूरा होता है।
देश की सेवा करना जीवन का लक्ष्य
सार्जेंट सुशील तिर्की और कैडेट कमलेश साहू ने बताया कि एनसीसी में जुड़ने वाले सभी कैडेटों का सपना होता है कि वे दिल्ली में आयोजित रि-पब्लिक डे कैंप में चयन हो। यह एनसीसी के सर्वश्रेष्ठ कैंप में से एक है। हमारा भी सपना था कि हम इस परेड कैंप में शामिल होकर अपने राज्य का प्रतिनिधित्व करें। हमने देश सेवा में सेना में अपने भविष्य बनाने के लिए एनसीसी जॉइन किया है। एनसीसी में जुड़ने के बाद सेना के जवानों के द्वारा हमें ट्रेनिंग दी जाती है।