logo

Invester Meet : सरकार का लक्ष्य 1 लाख करोड़ का झारखंड में निवेश और 5 लाख युवाओं को रोजगार

Invester Meet : सरकार का लक्ष्य 1 लाख करोड़ का झारखंड में निवेश और 5 लाख युवाओं को रोजगार

द फॉलोअप टीम, रांची:

नई दिल्ली में 27 अगस्त को दो दिवसीय Invester Meet का आगाज होने जा रहा है, जिसका समापन 28 अगस्त को होगा। इसकी मेजबानी झारखंड ही करने जा रहा है। मुख्‍यमंत्री हेमंंत सोरेन का प्रयास है कि उद्यमियों को झारखंड में निवेश के लिए आमंत्रित किया जाएगा। राज्‍य सरकार का लक्ष्‍य Invester Meet से 1,00,000 करोड़ का झारखंड में निवेश और 5,00,000 रोजगार उत्पन्न करना है। इस दरम्‍यान मुख्यमंत्री टाटा समूह,  डालमिया सीमेंट, होंडा कार्स, आधुनिक पावर,जे बी एम ग्रुप्स, जे आर जी, कॉन्टिनेंटल  डिवाइस इंडिया लिमिटेड, वाइब्रेंट स्प्रीट,  सेल, एनटीपीसी,अडानी पावर, प्रेम ग्रुप, ईजीपीएल/डीएसके फूड्स प्राइवेट लिमिटिड, वेंकीज, टोयोटा के अध्य्क्ष /सीईओ/ एमडी/ डायरेक्टर/ प्रतिनिधियों  से बैठक के साथ अलग अलग मुलाकात भी करेंगे। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्लस्टर (आदित्यपुर) की प्रमुख विशेषताओं, झारखंड इलेक्ट्रिक वाहन नीति 2021 और झारखंड इथेनॉल नीति 2021 से झारखंड में निवेश को बढ़ावा एवं रोजगार के सृजन पर विशेष चर्चा करेंगे।

 

नई दिल्‍ली में 27-28 अगस्त को आयोजन

Invester Meet में निवेशकों को "झारखंड औद्योगिक और निवेश प्रोत्साहन नीति 2021" की जानकारी दी जाएगी।  इसके अतिरिक्त, इस अवसर पर "झारखंड इलेक्ट्रिक वाहन नीति 2021" हेतु निवेशकों की  प्रतिक्रिया भी मांगी जाएगी और इच्छुक निवेशकों के साथ इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्लस्टर (आदित्यपुर) की जानकारियां भी साझा की जाएगी। यह कार्यक्रम झारखंड में इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) क्षेत्र के संभावनाओं को बढ़ाने में सहायक बनेगा। साथ ही 1,00,000 करोड़ का निवेश और 5,00,000 रोजगार उत्पन्न करने के सरकार के लक्ष्य को प्राप्त करने में सहायक सिद्ध होगा।