द फॉलोअप टीम, पटनाः
सोशल मीडिया में एक वीडियो तेजी से वायरल है। वायरल वीडियो में एक महिला अपने 2 बच्चों के साथ कुएं में छलांग लगाती दिख रही है। मामला राजधानी पटना के बिक्रम थानाक्षेत्र अंतर्गत असपुरा स्थित धर्मकांटा का है। वायरल वीडियो ने इलाके में सनसनी मचा दी है।
महिला ने 2 बच्चों संग लगा दी कुएं में छलांग
वीडियो में दिख रहा है कि एक महिला अपने 2 बच्चों के साथ कुएं में छलांग लगा देती है। सबसे पहले आप यह वीडियो देखिए उसके बाद पूरी घटना की चर्चा करेंगे। वीडियो में आपने देखा कि एक महिला अपने दो बच्चे के साथ कुंए के पास खड़ी है। एक बच्चा जमीन पर है और दूसरा बच्चा महिला के गोद में। महिला पहले अपने बड़े बच्चे को कुएं में चढ़ा कर धक्का देती है और फिर खुद छोटे बच्चे के साथ कुएं में कूद जाती है। घटना बिक्रम थाने के असपुरा क्षेत्र स्थित धर्मकांटा के पास की है। वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में सनसनी है। आखिर क्या है पूरा मामला आईए जानते हैं।
धर्मकांटा इलाके में सीसीटीवी में कैद घटना
मिली जानकारी के मुताबिक महिला अपने बच्चे का इलाज कराने रविवार को बिक्रम आई थी,। इसी दौरान उसने धर्मकांटा के पास कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। महिला की उम्र 28 साल थी। दोनों बच्चों में आयुष कुमार 2साल का था, जबकि छोटा बच्चा अंकित तीन माह का था। बताया जा रहा है कि कुछ समय से महिला की अपने पति से अनबन चल रही थी। उधर, महिला के घर वालों ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
मठिया गांव निवासी निशा देवी थी महिला
महिला की पहचान रानीतालाब थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर मठिया गांव निवासी लाला यादव की बेटी निशा देवी के रूप में हुई है। उसकी शादी हरेरामपुर गांव के नीरज कुमार के साथ हुई थी। रविवार को निशा अपने मायके से बिक्रम आई थी। घटना की सूचना मिलते ही निशा के मायके वाले बिक्रम थाने पहुंचे। घटना के बारे में कहा जाता है कि सवा बारह बजे महिला अपने दोनों बच्चों को लेकर कुएं के पास पहुंची। आसपास ट्रक लगा था। ट्रक की आड़ लेकर महिला कुएं तक पहुंची।

पास के सैलून वाले ने महिला को देखा था
बगल के सैलून वाले ने बताया कि महिला को ट्रक के पीछे उसने जाते हुए देखा था। वो समझा कि शौच के लिए जा रही है। धर्म कांटा का कर्मचारी कुएं के बगल में स्थित चापाकल पर पानी पीने गया तो उसकी नजर कुएं के नीचे महिला की चप्पल पर पड़ी। वह नजदीक जाकर कुएं में झांका तो सन्न रह गया। पानी की सतह पर दोनों बच्चे उतरा रहे थे। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। तीनों के शव को ग्रामीणों के सहयोग से कुएं में सीढ़ी लगाकर निकाला गया।
दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे ससुरालवाले!
बच्चों को कुएं में फेंकने के बाद खुद उसमें कूद कर जाने देने की पूरी घटना का फुटेज धर्मकांटे पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। वीडियो घटना के चंद मिनटों के बाद ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। महिला के भाई प्रद्युम्न कुमार ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन को ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। छठ के पूर्व भी बहन को मारने का प्रयास किया गया था। महिला ने इसकी सूचना अपने पिता को दी थी।
इसके बाद पिता उसे मायके ले आये था। इस दौरान शनिवार की रात महिला की पति से मोबाइल पर झगड़ा भी हुआ। भाई के अनुसार उसके बड़े भांजे की तबीयत खराब थी, जिसे दिखाने के पति नीरज कुमार ने महिला को बच्चे के साथ बिक्रम आने को कहा था। बिक्रम आने के बाद यह घटना घटी।