logo

समीर वानखेड़े के पिता ने नवाब मलिक पर  1.25 करोड़ का मानहानि केस किया

14665news.jpg

द फॉलोअप टीम, मुंबई:

मुंबई क्रूज ड्रग्स केस में नया मोड़ आया है। महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नवाब मलिक एनसीबी  के मुंबई जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े के खिलाफ गंभीर आरोप लगाये हैं। अब समीर वानखेड़े के पिता ने नवाब मलिक के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर कराया है। समीर वानखेड़े के पिता ने अपने परिवार के बारे में सोशल मीडिया रिपोर्ट पर कार्रवाई की मांग करते हुए 1.25 करोड़ रुपये का मानहानि केस किया है। नवाब मलिक ने रविवार को भी प्रेस कांफ्रेंस की थी। 

कल होगी सुनवाई 
सोमवार यानि कल कोर्ट में इस केस की सुनवाई होगी। समीर वानखेड़े के पिता ने नवाब मलिक पर 'चरित्र और प्रतिष्ठा को हानि पहुंचाने' का आरोप लगाया है। समीर वानखेड़े के वकील अर्शद शेख ने बताया कि नवाब मलिक, वानखेड़े के परिवार पर रोजाना झूठे आरोप लगा रहे हैं। मलिक उनके परिवार को फ्रॉड कह रहे हैं और उनके धर्म पर सवाल उठा रहे हैं। 

समीर वानखेड़े पर लगाया उगाही का आरोप
दरअसल, बीते कई दिनों से नवाब मलिक समीर के परिवार पर हमला बोलते दिख रहे है। आरोप लगाते हुए मलिक ने कहा था कि वानखेड़े के लिए 8 करोड़ रुपये मांगा जा रहा था। मलिक ने कहा था, "समीर वानखेड़े जब से इस विभाग में आया उसने अपनी एक प्राइवेट आर्मी खड़ी की। ये प्राइवेट आर्मी धड़ल्ले से शहर में ड्रग्स का कारोबार करती है, छोटे-छोटे मामले उजागर होते हैं, लोगों को फंसाया जाता है। वानखेड़े के जरिए हजारों करोड़ रुपये की उगाही हुई है।" मलिक ने यह भी कहा था कि एक ईमानदार अफसर का रहन-सहन और इस तरह कपड़े नहीं हो सकते हैं। 

वानखेड़े की धर्म और जाति पर भी उठे थे सवाल 
नवाब मलिक ने समीर वानखेड़े के धर्म और जाति पर भी सवाल उठाए थे। उनका आरोप है कि समीर ने जाति प्रमाण पत्र में फर्जीवाड़ा किया है। वानखेड़े के पिता ध्यानदेव की मांग है कि मलिक, उनकी पार्टी के नेताओं और अन्य सभी को उनके और उनके परिवार के खिलाफ मीडिया में कुछ भी आपत्तिजनक, मानहानिकारक सामग्री लिखने, बोलने या प्रकाशित करने पर रोक लगाई जाए। 

कौन हैं समीर वानखेड़े
समीर वानखेड़े 2008 बैच के इंडियन रेवेन्यू सर्विस (IRS) के ऑफिसर हैं। वह इनकम टैक्स एयर इंटेलिजेंस यूनिट, नेशऩल इन्वेस्टिगेशन एंजेसी में जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वह सबसे ज्यादा चर्चा में 2010 में आए, जब उन्होंने टैक्स चोरी के मामले में 2500 लोगों पर कार्रवाई की थी। इसमें 200 से ज्यादा बॉलीवुड के लोग थे। समीर वानखेड़े का बॉलीवुड से पुराना नाता रहा है। उन्होंने 2017 में  मराठी अभिनेत्री क्रांति रेडकर से शादी की थी। 2013 में विदोशी मुद्रा के साथ उन्होंने सिंगर मीका सिंह को भी एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया था।