logo

देवघर के अवैध नेल पॉलिश फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 5 घंटे बाद बुझी; संचालक गायब

देवघर के अवैध नेल पॉलिश फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 5 घंटे बाद बुझी; संचालक गायब

देवघर: 
Deoghar News:
देवघर में एक कथित अवैध नेल पॉलिश फैक्ट्री (Illegal Nail Polish Factory) में गुरुवार की सुबह भीषण आग (Fire) लग गई। नगर थाना क्षेत्र के देवसंघ नवदुर्गा मंदिर के पीछे स्थित फैक्ट्री में रखे केमिकल (Chemical) में आग भड़कने से पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के रिहायशी इलाके (Residential Area) में रहने वाले लोगों के बीच दहशत फैल गई। घटना सुबह करीब चार बजे की बताई जा रही है।

केमिकल के कारण तेजी से फैली आग, घंटों मशक्कत
फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में रासायनिक पदार्थ रखे होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी गई। मौके पर पहुंची चार दमकल गाड़ियों की मदद से आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। अग्निशमन कर्मियों को आग पर पूरी तरह काबू पाने में करीब चार से पांच घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के लोगों को भी किसी बड़े हादसे की आशंका सताती रही।

रिहायशी इलाके में फैक्ट्री संचालन पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि फैक्ट्री का संचालन कथित तौर पर अवैध तरीके से किया जा रहा था। रिहायशी इलाके में भारी मात्रा में केमिकल रखकर नेल पॉलिश बनाने का काम किए जाने से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि आग समय रहते नियंत्रित नहीं होती तो आसपास के मकानों और संपत्तियों को भी नुकसान पहुंच सकता था।

संचालक मौके से नदारद, फोन भी बंद
घटना के बाद फैक्ट्री संचालक की अनुपस्थिति भी चर्चा का विषय बनी रही। स्थानीय लोगों के अनुसार, फैक्ट्री का संचालक गुड्डू बरनवाल बताया जा रहा है। हालांकि, आग लगने के बाद वह घटनास्थल पर नहीं पहुंचे। उनका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ बताया गया।

अग्निशमन विभाग ने कार्रवाई का दिया भरोसा
मौके पर मौजूद अग्निशमन पदाधिकारी गोपाल यादव ने बताया कि फैक्ट्री में काफी मात्रा में केमिकल रखा हुआ था। समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं किया जाता तो आसपास के लोगों और संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंच सकता था। फिलहाल आग को पूरी तरह बुझा दिया गया है। उन्होंने कहा कि अवैध रूप से संचालित फैक्ट्री के संचालक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Tags - Deoghar fire Nail polish factory Deoghar news Jharkhand news Illegal factory fire