logo

तेजस्‍वी यादव और राजेश ठाकुर के बीच बनी OBC के 27 फीसदी आरक्षण पर सहमति

12978news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची: 

ओबीसी को 27 फीसदी  सरकरी नौकरियों में आरक्षण उनका संवैधानिक अधिकार है। यह बातें कांग्रेस के प्रदेश अध्‍यक्ष राजेश ठाकुर ने कही है। उन्‍होंने आज बिहार में नेता प्रतिपक्ष व पूर्व उपमुख्‍यमंत्री तेजस्‍वी यादव से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने वर्तमान राजनीतिक घटनाक्रम पर बातचीत की। वहीं गठबंधन के साथ मिलकर काम करने पर दोनों नेताओं ने बल दिया। साथ ही पिछले दिनों कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की विपक्ष के प्रमुख नेताओं के साथ हुई वर्चुअल मीटिंग में तय नीतियों पर भी चर्चा हुई। राजेश ठाकुर के साथ कांग्रेस नेता कुमार राजा भी थे। राजेश ठाकुर ने बताया कि लालू प्रसाद यादव हमसभी के अभिभावक की तरह हैं। राजद को भी अपना जनाधार बढ़ाने का अधिकार है। मुलाक़ात के दौरान राज्य के श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता एवं कांग्रेस नेता कुमार राजा भी मौजूद थे।


मुलाकात के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने गठबंधन की मजबूती और चुनाव पूर्व जनता से किये गए वायदों पर खुलकर चर्चा की। प्रदेश में ओबीसी वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण को लेकर कांग्रेस की प्रतिबद्धता बताई। इस संबंध में प्रदेश के मुख्यमंत्री से हुई बातचीत का हवाला दिया। ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार कोरोना काल में राज्य की महागठबंधन सरकार ने बेहतर काम किया है। अब जरूरत है जनता से किये गए बहुप्रतीक्षित वायदे जैसे ओ बी सी आरक्षण जिससे राज्य की बड़ी आबादी को उसका वाजिब हक मिल सके को अमली जामा पहनाने का। 

 

झारखण्ड प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद के मुताबिक तेजस्वी यादव ने कहा कि गठबंधन दलों में ऐसी आपसी चर्चा होते रहनी चाहिए।  बेहतर तालमेल से ही प्रदेश को समृद्धि की ओर ले जाया जा सकता है। साथ ही ओबीसी आरक्षण के मसले पर मुख्यमंत्री से चर्चा करने की बात कही। बता दें कि राजद नेता तेजस्‍वी दो दिवसीय झारखंड दौरे पर हैं। वह कल ही रांची पहुंचे। रांची एयरपोर्ट पर उनका भव्‍य स्‍वागत किया गया था। उनका झारखंडी अंदाज में परंपरागत स्वागत किया गया। युवा राजद में अलग उत्साह देखने को मिल रहा है।