द फॉलोअप टीम, पटना:
पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की आज पहली पुण्यतिथि है। पटना के कृष्णापुरी स्थित लोजपा नेता चिराग पासवान के आवास बरसी मनाई जा रही है। मौके पर कई बड़े नेताओं के शामिल होने की चर्चा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पत्र लिखकर रामविलास पासवान को श्रद्धांजलि दी है। चिराग पासवान ने प्रधानमंत्री के पत्र पर आभार जताया है।

क्या लिखा पीएम ने
पीएम ने ने अपने पत्र में लिखा है, 'देश के महान सपूत, बिहार के गौरव और सामाजिक न्याय की बुलंद आवाज रहे स्वर्गीय राम विलास पासवान जी को मैं अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। यह मेरे लिए बहुत भावुक दिन है। मैं आज उन्हें न केवल अपने आत्मीय मित्र के रूप में याद कर रहा हूं बल्कि भारतीय राजनीति में उनके जाने से जो शून्य उत्पन्न हुआ है, उसे भी अनुभव कर रहा हूं। स्वतंत्र भारत के राजनीतिक इतिहास में पासवान जी का हमेशा अपना एक अलग स्थान रहा। वे एक बहुत ही सामान्य पृष्ठभूमि से उठकर शीर्ष तक पहुंचे।' चिराग ने पीएम का पत्र को फेसबुक शेयर किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार जताया है।

चाचा भी हुए शामिल
आज के बरसी कार्यक्रम में चिराग पासवान के चाचा और दिवगंत राम विलास पासवान के भाई पशु पति पारस भी शामिल हुए। चिराग ने एक दिन पहले ही अपने चाचा को बरसी में आने का न्योता दिया था। पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के पुत्र और लोकसभा सदस्य चिराग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राजद प्रमुख लालू प्रसाद और कई अन्य नेताओं को इस कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया है। बता दें कि रामविलास पासवान का 8 अक्टूबर, 2020 को पटना अस्पताल में दिल की सर्जरी के बाद निधन हो गया था।