logo

लालू प्रसाद यादव के किडनी ट्रांसप्लांट की तैयारी! सिंगापुर के डॉक्टरों के संपर्क में परिवार

14586news.jpg

द फॉलोअप टीम, डेस्क: 

दीवाली के दिन खबर सामने आई थी कि लालू प्रसाद यादव की खराब है। लालू यादव ने इस बात की जानकारी खुद दी थी। तबीयत खराब होते ही लालू यादव परिवार सहित दिल्ली लौट गये थे। बेटी मीसा भारती, छोटे बेटे तेजस्वी यादव और पत्नी राबड़ी देवी उनको लेकर दिल्ली गये। अब खबर आ रही है कि लालू यादव के किडनी ट्रांसप्लांट की तैयारी चल रही है। खबरें हैं कि यादव परिवार इसको लेकर सिंगापुर के चिकित्सकों के संपर्क में है। 

बीते कई वर्षों से खराब है लालू का स्वास्थ्य
गौरतलब है कि लालू प्रसाद यादव की तबीयत बीते कई वर्षों से खराब है। वे किडनी रोग से भी ग्रसित हैं। उनको हाई ब्लड प्रेशर, शुगर औऱ हृदय संबंधित रोग है। हाल ही में बिहार विधानसभा की 2 सीटों पर हो रहे उपचुनाव के दौरान लालू यादव ने बताया था कि डॉक्टरों ने उनको पूरे दिन में महज 1 ग्लास पानी पीने की सलाह दी है। लालू यादव ने बताया था कि उनको इस वजह से भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। 

बीते अप्रैल माह में मिली थी लालू को जमानत
चारा घोटाला मामले में रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में सजा काट रहे लालू यादव को बीते अप्रैल माह में जमानत मिली थी। झारखंड हाईकोर्ट ने 10 लाख रुपये के निजी मुचलके पर उनको जमानत दी थी। जमानत मिलने से पहले से ही वे दिल्ली स्थित एम्स में इलाज करवा रहे थे। अस्पताल में छुट्टी मिलने के बाद से ही लालू यादव बेटी मीसा भारती के दिल्ली स्थित आवास पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे थे। 24 अक्टूबर को लंबे अंतराल के बाद लालू पटना आये थे। लालू यादव ने मुंगेर और दरभंगा में चुनावी सभा को संबोधित किया था। 3 नवंबर को वे दिल्ली लौट गये। 

एम्स के चिकित्सक कर रहे लालू का इलाज
रांची स्थति रिम्स में लालू प्रसाद यादव के स्वास्थ्य की निगरानी कर रहे ड़ॉक्टर उमेश प्रसाद ने कहा था कि उनकी किडनी महज 25 फीसदी ही काम कर रही है। उनको कभी भी डायलिसिस के लिए कहा जा सकता है। गौरतलब है कि लालू यादव को हमेशा नेफ्रोलॉजिस्ट, कार्डियोलॉजिस्ट औऱ एंडोक्राइनोलॉजिस्ट की जरूरत रहती है। जमानत मिलने के बाद से ही लालू यादव लगातार दिल्ली में एम्स के चिकित्सकों की निगरानी में इलाज करवा रहे हैं।