द फॉलोअप टीम, पटना:
बिहार में राजद और कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ सकती हैंं। दरअसल। राजद नेता तेजस्वी यादव, उनकी बहन राज्यसभा सदस्य मीसा भारती, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा, प्रवक्ता राजेश राठौर और कांग्रेस के दिवंगत दिग्गज नेता रहे सदानंद सिंह के बेटे शुभानंद मुकेश के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश हुआ है। इन लोगों पर लोकसभा चुनाव में टिकट के नाम पर 5 करोड़ रुपए ठगने का आरोप है। पटना के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विजय किशोर सिंह ने एसएसपी के माध्यम से कोतवाली थाना को एफआईआर दर्ज करने को कहा है।

चुनाव में टिकट के नाम पर लिया पैसा!
प्राप्त जानकारी के मुताबिक संजीव सिंह नामक व्यक्ति ने खुद को वकील व बिहार कांग्रेस का प्रभारी पर्यवेक्षक बताते हुए 18 अगस्त 2021 को परिवाद दिया था। संजीव सिंह ने यह आरोप लगाया था कि आरोपियों ने भागलपुर से लोकसभा का टिकट देने के एवज में 15 जनवरी 2019 को 5 करोड़ लिए थे, लेकिन टिकट दूसरों को दे दिया। बदले में विधानसभा चुनाव में 2 टिकट का भरोसा दिया लेकिन वह भी नहीं दिया गया।
