द फॉलोअप टीम, डेस्क:
नवजोत सिंह सिद्धू ने पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। सोनिया गांधी को इस्तीफा सौंपते हुए सिद्धू ने लिखा कि वही इंसान समझौता करता है कि जिसका नैतिक पतन हो जाता है। मैं पंजाब के भविष्य और कल्याण के साथ समझौता नहीं कर सकता इसलिए मैं तत्काल प्रभाव से पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे रहा हूं। कार्यकर्ता की तरह कांग्रेस के लिए काम करता रहूंगा। अब सिद्धू के इस्तीफे पर पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का बयान सामने आया है।
— Navjot Singh Sidhu (@sherryontopp) September 28, 2021
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सिद्धू को अस्थिर व्यक्ति बताया
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर सिद्धू के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि मैंने आपसे पहले ही कहा था कि वो स्थिर व्यक्ति नहीं है और पंजाब के सीमावर्ती राज्य के लिए बिलकुल भी उपयुक्त नहीं है। गौरतलब है कि पंजाब में जारी हालिया सियासी उथल-पुथल के बीच मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने वाले कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा था कि मैं सिद्धू को पंजाब का मुख्यमंत्री बनाए जाने का विरोध करूंगा क्योंकि उनके पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान और सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा के साथ नजदीकी संबंध हैं। पंजाब जैसे सीमावर्ती राज्य के लिए सिद्धू सही व्यक्ति नहीं हैं।
I told you so…he is not a stable man and not fit for the border state of punjab.
— Capt.Amarinder Singh (@capt_amarinder) September 28, 2021
कैप्टन अमरिंदर सिंह दिल्ली में जेपी नड्डा से मिलेंगे
गौरतलब है कि पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह के दिल्ली जाने की खबर है। कहा जा रहा है कि कैप्टन दिल्ली में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे। कैप्टन अमरिंदर सिंह के बीजेपी में शामिल होने की अटकले हैं। इसी बीच सिद्धू ने पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। कहा जा रहा है कि ये फैसला सिद्धू ने अचानक लिया। किसी को भी इसकी भनक नहीं लगी। सिद्धू ने सोनिया गांधी को चिट्ठी लिखी।

कैप्टन और नवजोत सिंह सिद्धू के बीच विवाद का इतिहास
गौरतलब है कि पंजाब में सरकार गठन के बाद से ही नवजोत सिंह सिद्धू और कैप्टन अमरिंदर सिंह के बीच खींचतान जारी थी। कैप्टन ने सिद्धू को इमरान खान के शपथ ग्रहण समारोह में पाकिस्तान जाने से मना किया लेकिन वो गए। करतार कॉरिडोर के उद्घाटन पर भी वहां गये। कैप्टन इससे नाराज थे। वहीं नवजोत सिंह सिद्धू पंजाब में मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के कामकाज से नाराज थे। उन्होंने मंत्रीपद से इस्तीफा भी दे दिया था। उनकी पत्नी नवजोत कौर ने भी इस्तीफा दे दिया था।

हालिया दिनों में ये खींचतान ज्यादा बढ़ गई और कैप्टन अमरिंदर सिंह को इस्तीफा देना पड़ा। नवजोत सिंह सिद्धू को उम्मीद रही होगी कि उनको सीएम बनाया जाएगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ। चरणजीत सिंह चन्नी सीएम बने। कहा जा रहा है कि सिद्धू नए मंत्रिमंडल गठन में उनकी सलाह नहीं लिए जाने औऱ चरणजीत सिंह चन्नी द्वारा की गई नियुक्तियों से नाराज थे।