द फॉलोअप टीम, दिल्ली:
पंजाब में बीते कुछ समय से सियासी घमासान जारी है। जहां एक और मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने तकरीबन सभी विधायकों के साथ डिनर किया तो वहीं पूर्व मंत्री नवजोद सिंह सिद्धू ने दिल्ली आकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाढ्रा से मुलाकात की। सिद्धू सोनिया गांधी और राहुल गांधी से भी मिले। कहा जा रहा है कि मुलाकात में वीआईपी ट्रीटमेंट मिलने से पंजाब कांग्रेस के अन्य नेता नाराज हैं। बता दें कि सिद्धू और कैप्टन अमरिंदर सिंह के बपीच काफी समय से कोल्ड वॉर जारी है।
सिद्धू को सौंपी जा सकती है बड़ी जिम्मेदारी!
सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और राहुल गांधी से नवजोत सिंह सिद्धू की मुलाकात के बाद ये कयास लगाए जा रहे हैं कि पार्टी आलाकमान सिद्धू को पंजाब में कोई बड़ी जिम्मेदारी सौंप सकता है। पंजाब के कुछ हिंदी अखबारों की रिपोर्ट्स के मुताबिक सिद्धू को पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए कैंपेन कमेटी प्रभारी या टिकट आवंटन यानी चयन कमिटी में शामिल किया जा सकता है। मिली जानकारी के मुताबिक नवजोत सिंह सिद्धू की मंगलवार को राहुल गांधी से मुलाकात नहीं हो पाई थी। बुधवार को मामले में प्रियंका गांधी वाढ्रा एक्टिव हो गईं औऱ सिद्धू से मुलाकात किया।
सिद्धू को वीआईपी ट्रीटमेंट देना अखर गया!
कहा जा रहा है कि नवजोत सिंह सिद्धू को दिल्ली प्रवास के दौरान वीआईपी ट्रीटमेंट दिया गया जो पंजाब कांग्रेस के बाकी नेताओं को नहीं भाया। उनका कहना है कि सिद्धू भी केवल विधायक ही हैं। दूसरे विधायकों को नजरअंदाज कर सिद्धो को वीआईपी ट्रीटमेंट देना न्यायसंगत नहीं है। इस बीच पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं का आपसी मतभेद समाप्त होना चाहिए। उन्होंने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव से मसले कांग्रेस के आपसी मामले सुलझ जायेंगे।
अकाली दल ने सिद्धू पर जमकर साधा निशाना
उधर शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर ने कहा कि सिद्धू मिस गाइड मिसाइल हैं। उन्होंने कहा कि ये मिसाइल कहीं भी चल सकती है। जवाब में नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि वो चूकते नहीं है। मिसगाइडेड मिसाइल भी नहीं हैं। वो हमेशा निशाने पर हमला करते हैं। उनका कहना है कि सुखबीर के भ्रष्ट व्यवसाय को नष्ट करना उनका पहला लक्ष्य है। उधर पंजाब में सभी को सिद्धू औऱ कैप्टर अमरिंदर के बीच विवाद सुलझ जाने का इंतजार है अन्यथा चुनाव में नुकसान हो सकता है।
बीजेपी से कांग्रेस में गये थे नवजोत सिंह सिद्धू
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि क्रिकेटर से राजनेता बने नवजोत सिंह सिद्धू पहले भारतीय जनता पार्टी में थे। 2014 के लोकसभा चुनाव में वो बीजेपी के स्टार प्रचारक थे। वाराणसी में सिद्धू ने नरेंद्र मोदी के लिए प्रचार भी किया था। बाद में उम्मीद मुताबिक कद ना मिलने से नाराज सिद्धू कांग्रेस में चले गए। उनके आम आदमी पार्टी में जाने की भी चर्चा थी। कांग्रेस में जाने के बाद पहले सब ठीक चल रहा था। बाद में करतारपुर कॉरीडोर के उद्घाटन के मौके पर सिद्धू के पाकिस्तान जाने और बयानबाजियों की वजह से उनका कैप्टन अमरिंदर सिंह से विवाद हो गया।