logo

कृषि कानून वापसी: देश के 62 करोड़ अन्नदाताओं और खेत-मजदूरों के संघर्ष की जीत-कांग्रेस

कृषि कानून वापसी:  देश के 62 करोड़ अन्नदाताओं और खेत-मजदूरों के संघर्ष की जीत-कांग्रेस

द फॉलोअप टीम, रांची:

कांग्रेस के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि तीन कृषि कानूनों की वापसी की बात कहना दरअसल पिछले बारह महीने से गांधीवादी तरीके से चल रहे किसान आंदोलन की जीत है। देश के 62 करोड़ अन्नदाताओं, किसान, खेत-मजदूरों के संघर्ष और उनकी इच्छाशक्ति की जीत है। कांग्रेस भी आंदोलन की शुरुआत से किसानों के साथ रही। जन-विरोधी सरकार और हठधर्मी प्रधानमंत्री की तानाशाही का हमेशा मुखर विरोध किया गया। उन्होंने उक्त बातें पार्टी के जन जागरण अभियान के दौरान कहीं हैं। उनकी अगुवाई में बढ़ती मंहगाई एवं बेरोजगारी के खिलाफ आयोजित राष्ट्रव्यापी जन-जागरण अभियान  आज आठवें दिन ओरमांझी पहुंचा। रामगढ़ जिले के चितरपुर में  नुक्कड़ सभा हुई। पदयात्रा की गई। गोला प्रखंड में भी नुक्कड़ सभा और पदयात्रा हुई। बोकारो जिले के कई स्थानों में भी अभियान चला। अभियान में विधायक दल के नेता सह ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम, कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की, जलेश्वर महतो, शहजादा अनवर , पूर्व विधायक केशव महतो कमलेश, संजय लाल पासवान, शमशेर आलम, मदन मोहन शर्मा, अमूल्य नीरज खलखो, सतीश पॉल मुंजनी, राकेश किरण महतो समेत सैकड़ो कार्यकर्ता शामिल थे। 

राजेश ठाकुर ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी के नेतृत्व में पूरे देश भर में मंहगाई एवं आर्थिक मंदी के खिलाफ जन जागरण अभियान चलाया जा रहा है। उपचुनाव में भाजपा को करारी हार का मुंह देखना पड़ा तो बीजेपी सरकार को पेट्रोल और डीजल ₹5 ,10 कम करना पडा। मोदी सरकार ने देश में सिर्फ नफरत का जहर घोला है। हर एक शख्स दूसरे को शक की निगाह से देखता है। राजनैतिक लाभ के लिए सिर्फ विभेद पैदा कर लोगों को बांटने का काम किया जा रहा है। अच्छे दिनों का भरोसा देकर सत्ता में आयी भाजपा सरकार के द्वारा देश की जनता को जो दिया गया, वो बेरोजगारी का उच्चतम स्तर है, बन्द होते व्यवसाय हैं और मंहगाई की मार है।

 

 

ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के नेतृत्व में प्रदेश भर में जन जागरण अभियान चलाया जाएगा अभियान में पंचायत स्तर तक लोगों को जागरूक करना है। कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी का यह जन-जागरण अभियान मंहगाई से त्रस्त आम जनता की आवाज को आवाज देने का अभियान है। आज देश का संविधान खतरे में है। गरीब जनता जिन्दगी जीने के लिए हर दिन संघर्ष करने का मजबूर है। पेट्रोल-डीजल-गैस के लगातार बढ़ते मूल्यों ने आम आदमी के जन-जीवन को संघर्षमय कर दिया है। देश का किसान, मजदूर एवं छात्र आज सकते मे है। सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों में सिर्फ नफरत बांटने का काम जारी है। देश के इतिहास को भी तोड़-मरोड़ कर पेश किया जा रहा है। 

 

कार्यकारी अध्यक्ष ममता देवी ने  कहा कि बहुमत के अहंकार की आज हार हुई है। जनता को सरकार के गलत निर्णयों का विरोध करना ही चाहिए और कांग्रेस पार्टी ने एक सजग राजनैतिक विपक्ष होने के नाते इसी बात को आधार बनाकर जन-जागरण अभियान की रचना की है। कार्यकारी अध्यक्ष और रामगढ़ जिले के प्रभारी जलेश्वर महतो ने कहा कि जन जागरण अभियान कार्यक्रम के तहत केंद्र सरकार की पोल खोलना है। नुक्कड़ सभा को शहजादा अनवर, केशव महतो कमलेश, शाकिल अख्तर , जिला अध्यक्ष मुन्ना पासवान, बोकारो जिला अध्यक्ष मंजूर अंसारी, प्रवक्ता सतीश पौल मुजनी,अमुल्य नीरज खलखो मदन मोहन शर्मा , संजय लाल पासवान, महिला अध्यक्ष श्री गुंजन सिंह,सहित कई लोगों ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम में शांतनु मिश्रा, बोकारो जिला प्रभारी राकेश सिंह, जवाहरलाल सिन्हा, जवाहर मेहता, रियाज़ अहमद, अजित करमाली, रजनीश कुमार, रमेश उरांव, सुरेश साहु, संजय सोनी, रविंद्र पांडे,विनय महतो इत्यादि शामिल हुए।