logo

कोलकाता के थिएटर रोड पर झारक्राफ्ट एम्पोरियम का शुभारंभ, झारखंडी कारीगरों के सपनों का संसार

WhatsApp_Image_2026-05-13_at_4_23_51_PM.jpeg

रांची 
झारखंड की समृद्ध कला, हस्तशिल्प और बुनकरों के हुनर को नया बाजार देने के लिए कोलकाता के थिएटर रोड में झारक्राफ्ट के नए एम्पोरियम का भव्य उद्घाटन झारखंड सरकार द्वारा अपराह्न 1:00 बजे किया गया। झारखंड के उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने इसका शुभारंभ करते हुए इसे राज्य के कारीगरों और महिला सशक्तिकरण के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया। यह एम्पोरियम न केवल झारखंड की पारंपरिक कला को कोलकाता के लोगों तक पहुँचाएगा, बल्कि 'वोकल फॉर लोकल' अभियान को भी मजबूती प्रदान करेगा।कला और सशक्तिकरण का संगम 
इस अवसर पर  उद्योग मंत्री, झारखंड ने कहा कि यह हम सभी के लिए अत्यंत गौरव और प्रसन्नता का क्षण है। कोलकाता जैसे सांस्कृतिक और ऐतिहासिक नगर में झारक्राफ्ट के नए एम्पोरियम का शुभ उद्घाटन हमारे लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। झारखंड अपनी प्राकृतिक संपदा के साथ-साथ समृद्ध हस्तशिल्प, हथकरघा, तसर सिल्क, डोकरा कला, बाँस एवं लकड़ी के शिल्प तथा जनजातीय संस्कृति के लिए पूरे देश में विशेष पहचान रखता है। झारक्राफ्ट लगातार राज्य के कारीगरों, बुनकरों और ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा उनके हुनर को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करने का कार्य कर रहा है।
कहा सांस्कृतिक विरासत को जोड़ने का कार्य करेगी
इस अवसर पर उद्योग सचिव, झारखंड ने कहा कि कोलकाता कला, साहित्य और संस्कृति का केंद्र रहा है। ऐसे शहर में झारक्राफ्ट के इस नए एम्पोरियम की स्थापना दो राज्यों की सांस्कृतिक विरासत को जोड़ने का कार्य करेगी। यहाँ आने वाले ग्राहकों को झारखंड की पारंपरिक कला और आधुनिक डिजाइन का सुंदर संगम देखने को मिलेगा। यह एम्पोरियम केवल उत्पादों की बिक्री का केंद्र नहीं होगा, बल्कि यह झारखंड के हजारों कारीगरों के सपनों, मेहनत और आत्मविश्वास का प्रतीक बनेगा। इससे ग्रामीण रोजगार को बढ़ावा मिलेगा, महिला सशक्तिकरण को मजबूती मिलेगी और ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को नई दिशा प्राप्त होगी। अंत में प्रबंध निदेशक, झारक्राफ्ट ने उद्घाटन समारोह में आए सभी विशिष्ट अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि झारक्राफ्ट का यह नया एम्पोरियम कोलकाता के लोगों के बीच विशेष लोकप्रियता प्राप्त करेगा और झारखंड की कला एवं संस्कृति को नई पहचान दिलाएगा। आने वाले दिनों में झारक्राफ्ट अन्य महानगरों में भी नए एम्पोरियम खोलने के लिए प्रयासरत रहेगा।
 

Tags - Jharkraft Jharkhand Handicrafts Kolkata Emporium Women Empowerment Vocal for Local