logo

झारखंड कांग्रेस ने BJP पर बोला हमला! कहा- चोरी के बाद सीनाजोरी कर रहे हैं भाजपा नेता

8705news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 
झारखंड में कांग्रेस और बीजेपी के बीच बयानबाजी जारी है। कांग्रेस ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि महामारी में केंद्र की विफलता और संकट के बीच बीजेपी नेता झारखंड की अनदेखी के खिलाफ आवाज बुलंद करने की बजाय चोरी और फिर सीनाजोरी की कहावत को चरितार्थ करने में जुटे हैं। इस बीच फर्जी लेटरहेड का मामला भी उठा। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि बीजेपी बौखला गयी है। 

देश का प्रत्येक शहर बनारस बन गया है! 
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत की बात करने वाले भाजपा नेताओं ने वाराणसी को क्योटो शहर बनाने का वायदा किया था। सात वर्षों के कार्यकाल में वाराणसी क्योटो शहर तो नहीं बन सका, परंतु आज देश का हर शहर बनारस जरुर बन गया है। आज हर शहर की यह हकीकत है कि श्मशान घाट की आंच ठंडी नहीं हो रही है कि अंतिम संस्कार के लिए दूसरा पार्थिव शरीर पहुंच जा रहा हैं। कब्रिस्तान में दफन करने के लिए जगह कम पड़ जा रही है।

प्रशासन को जेसीबी की व्यवस्था करनी पड़ी
सरकार और प्रशासन को जेसीबी मशीन की व्यवस्था करनी पड़ रही हैं। रोते-बिखलते परिजन और केंद्र सरकार की कुव्यवस्था से तड़पते लोग जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल पूछ रहे है कि कहां गये अच्छे दिन लाने के वायदे, क्या इसी दिन के लिए उन्हें सत्ता सौंपी गयी, तो भाजपा नेता इन सवालों का जवाब देने की बजाय बड़ी ही निर्ल्लजता के साथ कांग्रेस पार्टी और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी पर सवाल उठा रहे हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दीपक प्रकाश को बताना चाहिए कि क्या इस महामारी को रोकने में विफलता के लिए कांग्रेस पार्टी दोषी है या केंद्र की भाजपा नेतृत्व वाली एनडीए सरकार और उनके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह दोषी हैं।

भारत में महामारी के लिए जिम्मेवार भाजपा! 
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता लाल किशोरनाथ शाहदेव ने कहा कि चीन के वुहान में कोरोना संक्रमण का पहला मामला सामने आने के बाद गुजरात में अमेरिकी राष्ट्रपति के स्वागत में कौन लगा थ। जब गुजरात और दिल्ली के बाद पूरे देश में कोरोना संक्रमण का फैलाव हुआ, तब संक्रमण से निपटने के लिए अस्पताल की व्यवस्था, ऑक्सीजन की उपलब्धता सुनिश्चित कराने, इंजेक्शन और जीवन रक्षक दवाईयां मुहैय्या कराने के बजाय, ताली, थाली और घंटी कौन बजवा रहा था। देश की जनता ने संक्रमण रोकने के लिए वह सबकुछ किया, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा।

राजनीति में अप्रासंगिक हो गयी भाजपा
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ0 राजेश गुप्ता छोटू ने कहा कि जब पूरी दुनिया ने कोरोना संक्रमण के दूसरे वेब में भारत में उत्पन्न अफरा-तफरी और केंद्र सरकार के मूकदर्शक रवैये को देखी और देश की निष्पक्ष मीडिया ने भी इसे सामने लाने का काम किया, तो भाजपा अध्यक्ष दीपक प्रकाश को इसमें साजिश नजर आने लगी है। भाजपा अब देश की राजनीति में पूरी तरह अप्रसांगिक हो रही है और आने वाले समय में झारखंड से भी भाजपा का पूरी तरह से सफाया हो जाएगा।