logo

नियुक्ति वर्ष के सवाल पर बोले राजेश ठाकुर, पिछली सरकार की गलतियां सुधारने में वक्त लग रहा है

16558news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची: 

झारखंड में झामुमो औऱ कांग्रेस गठबंन वाली सरकार के कार्यकाल का 2 वर्ष पूरा हो गया। इस मौके पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कांग्रेस भवन में प्रेस वार्ता को संबोधित किया। राजेश ठाकुर ने कहा कि नियमावली में कोई त्रुटि नहीं है। इसमें कोई गलत बात नहीं है कि जो लोग जहां से पढ़ाई करते हैं वहीं नौकरी तलाशें। राज्य में पढ़े बच्चों को झारखंड में ही नौकरी दी जायेगी। उन्होंने कहा कि जो युवक जहां से पढ़ाई करता है वहीं नौकरी की तलाश करता है तो ये बहुत अच्छी बात है। 

कांग्रेस पार्टी ने सारा वादा निभाया
राजेश ठाकुर ने प्रेस वार्ता में दावा किया कि प्रदेश में सरकार गठन के पूर्व चुनाव के दौरान कांग्रेस पार्टी ने जो वादा किया था उसे पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमने कृषि ऋण माफ करने का वादा किया था उसे निभाया भी। मॉब लिंचिंग कानून बनाकर कांग्रेस ने भीड़ की हिंसा को नियंत्रित करने का वादा निभाया है। उन्होंने यूनिवर्सल पेंशन स्किम, सोना सोबरन धोती-साड़ी-लुंगी योजना को उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि हम आज कांग्रेस का 137वां स्थापना दिवस मना रहे हैं। ये दिन ऐतिहासिक है। 

सरकार बनी तो खजाना खाली था
राजेश ठाकुर ने कहा कि सभी जानते हैं कि जब हमारी सरकार बनी थी तो खजाना खाली था। कुछ दिनों में हमारा मुकाबला कोरोना जैसी चुनौती से हुआ। सरकार ने लोगों के जीवन औऱ जीविका दोनों की चिंता की। आर्थिक स्थिति सुधरी तो किसानों का ऋण माफ किया। मॉब लिंचिंग के खिलाफ कानून बनाया। उन्होंने कहा कि सरकार विपक्ष का सम्मान करती है। यदि विपक्ष मीडिया में बयानबाजी के बजाय सही मुद्दा उठायेगा तो उसका निराकऱण किया जायेगा। कहा कि विपक्ष को सत्ता में आने की जल्दी है। 

हर साल नियुक्ति वर्ष ही होता है
नियुक्त वर्ष के सवाल पर राजेश ठाकुर ने कहा कि ये तो मुख्यमंत्री ने कह दिया था लेकिन हर साल नियुक्ति वर्ष ही होगा। नियुक्ति प्रक्रिया शुरू हो रही है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने व्यवस्था खराब कर दी थी, उसे सुधारने में थोड़ा वक्त ल रहा है। सभी विभागों की नियमावली बनकर तैयार है। अब व्यापक पैमाने पर नियुक्तियां होंगी। युवाओं को रोजगार मिलेगा।