द फॉलोअप टीम, रांची:
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने प्रदीप तुलस्यान की अध्यक्षता में एक कमिटी का गठन किया है। ये कमिटी झारखंड के विभिन्न जिलों में कांग्रेस पार्टी की भू-संपत्ति एवं संपदा से संबंधित जरूरी कागजातों का पता लगाएगी और उनका संरक्षण करेगी। 4 सदस्यीय कमिटी में अध्यक्ष प्रदीप तुलस्यान के अलावा जयशंकर पाठक, ज्योति मथारु और ईश्वर आनंद शामिल हैं।
भू-संपत्ति और संपदा की जांच करेगी कमिटी
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने बताया कि ये कमिटी बहुत जल्द सभी जिलों से कांग्रेस पार्टी की भू-संपत्ति एवं संपदा से संबंधित कागजातों को दुरूस्त करने के लिए उनकी मौजूदा स्थिति तथा जरूरी प्रशासनिक कार्रवाई से संबंधित रिपोर्ट पूरे विस्तृत विवरण के साथ प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में जमा करेगी। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने इसके अलावा कई और जरूरी फैसले भी लिए हैं। गौरतलब है कि आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भी अहम फैसला किया गया है।

कार्यकारी अध्यक्षों की दी गई महत्वूर्ण जिम्मेदारी
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए संगठन को मजबूती देने और धारदार रणनीति तैयार करने के लिए सभी कार्यकारी अध्यक्षों को अलग-अलग जिलों की जिम्मेदारी सौंपी है। कार्यकारी अध्यक्षों को जिम्मेदारी दी गई है कि वे सभी पंचायत और बूथ स्तर तक पार्टी की मजबूती के लिए निष्ठापूर्वक कम करें। संगठन को मजबूत बनायें।
किस कार्यकारी अध्यक्ष को मिला कौन सा जिला
गौरतलब है कि नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद गीता कोड़ा को रांची, धनबाद, बोकारो, पूर्वी सिंहभूम, लातेहार और जामताड़ा जिला की जिम्मेदारी दी गई है। बंधु तिर्की को गुमला, लोहरदगा, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, खूंटी और दुमका की जिम्मेदारी दी गई है। जलेश्वर महतो को रामगढ़, हजारीबाग, सरायकेला-खरसावां, देवघर, साहिबगंज और गोड्डा की जिम्मेदारी दी गई है। शहजादा अनवर को पलामू, गढ़वा, चतरा, गिरिडीह, पाकुड़, कोडरमा की जिम्मेदारी दी गई है।