द फॉलोअप टीम, कैमूर:
कैमूर जिले में 10 वर्षीय बच्ची की हत्या का मामला सामने आने के बाद ऐसा लग रहा है जैसे मानवता कहीं मर चुकी है। जिस तरह से बच्ची की जघन्य हत्या हुई है उससे यही लगता रहा है जैसे इंसान अब हैवान बन चुका है। बच्ची के परिजन अपनी बच्ची के लिए इंसाफ की भीख मांग रहे हैं। बार बार बस यही कह रहे हैं आरोपियों को फांसी की सजा दो।
देवरी गांव का है पूरा मामला
घटना अधौरा थाना क्षेत्र के देवरी गांव की है। कैमूर एसपी ने बताया "10 वर्षीय बच्ची की डेड बॉडी मिली है। पोस्टमार्टम सदर अस्पताल भभुआ में हुआ है, पुलिस जांच कर रही है। बच्ची की हत्या हुई है, कारवाई होगी। FIR दर्ज हो चुका है और 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है। पुलिस आगे की जांच कर रही है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
लापता हो गई थी छोटी सी बच्ची
10 वर्षीय बच्ची बुधवार को गांव में ही पिता की छोटी सी चाय पकौड़ी की दुकान पर खड़ी थी। जैसी ही शाम हुई वो अपना चार्जर लाइट लाने के लिए गांव के ही निर्माणाधीन आवासीय विद्यालय चली गयी और फिर वापस नहीं आयी। परिजन थोड़ी देर में उसे ढूंढने लगे। माता पिता बच्ची को पूरी रात खोजते रहे, लेकिन कहीं कुछ पता नहीं चला। अगली सुबह आवासीय विद्यालय में काम कर रहे मजदूरों की नजर बच्ची के पड़े शव पर गई। उन लोगों ने यह बात गांव वालों को बताई। जब परिजन पहुंचे तो देखा कि बच्ची का शव छत पर पड़ा हुआ है। फिर पुलिस को सूचना दी।

किस दरिंदगी से हुई है हत्या
बच्ची के गाल में गर्म सरिया आर-पार किया गया है। उसके कान के दोनों तरफ से भी सरिया डालने का निशान है। कान जला हुआ है, पैर जले हुए हैं, गर्दन पर भारी चीज से मारने के निशान हैं। पूरे शरीर जख्म है। परिजन रेप के बाद हत्या की आशंका जता रहे हैं। परिजनों ने बताया कि पूरे शरीर पर जलने के निशान हैं और गर्दन तोड़ दी गई है। परिजनों ने बताया कि हमारे गांव में लाइट नहीं है। एक चार्जर से काम चल रहा है। उसी को चार्ज करने के लिए बच्ची आवासीय विद्यालय में गई थी। उसके बाद वापस आई और गांव के पास ही पकौड़ी की दुकान के पास कुछ देर तक थी.
रात में विद्यालय में नहीं थी
बच्ची परिजनों ने बताया कि रात में बच्ची आवासीय विद्यालय में नहीं थी। उन लोगों ने विद्यालय का कोना कोना छान मारा था। परिजनों ने कहा कि "हम लोगों को लगता है कि निर्माणाधीन मकान बनाने वाले बंगाल के मजदूर है, इन्हीं लोगों के द्वारा यह जघन्य अपराध किया गया है। हम लोगों को न्याय चाहिए। आरोपियों को फांसी मिले तभी न्याय पूरा होगा। "