द फ़ॉलोअप टीम, पटना:
बिहार के उत्तरी भाग में पड़ने वाले क्षेत्रों में बाढ़ से हाहाकार मचा हुआ है। वहीं नेपाल में भारी बारिश के बाद लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। नेपाल व तराई क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण गंडक नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है। इंडो-नेपाल बॉडर से सटे झंडू टोला, बिन टोला, कानी टोला में पानी भर गया है। जो लोग जहां हैं, वहीं फंस गए हैं।

गांवों में घुसने लगा है गंडक नदी का पानी
मिली जानकारी के मुताबिक चकदहवा गांव में भी गंडक नदी का पानी घुसना शुरू हो गया है। गंडक नदी के बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। अचानक आयी बाढ़ से लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया हैं। वहां रह रहे लोगों का कहना है कि अचानक रात में नदी का जल स्तर बढ़ने पर घर में पानी घुस गया। अचानक आई बाढ़ की वजह से लोग जहां-तहां फंस गये हैं। किसी को कहीं जाने का मौका तक नहीं मिल पाया। ऐसी स्थिति में कुछ लोग मचान पर रहने को मजबूर हैं।

तटवर्ती इलाकों में बढ़ता जा रहा है पानी
गौरतलब है कि गुरुवार की रात को करीब 12 बजे 1 लाख 4 हज़ार क्यूसेक पानी था, जो पिछले 7 घंटे में बढ़कर 4 लाख 4 हजार हो गया। पिछले 7 घंटे में 2 लाख 38 हजार क्यूसेक पानी की बढ़ोतरी गंडक बराज पर देखी गई। हालत ऐसे हैं कि दियारा के क्षेत्रों में बाढ़ का पानी घुसने लगा है। लगातार हो रही बारिश लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। गंडक बराज से छूटा पानी अब तक बगहा के आसपास में पहुंचने लगा है। इसकी वजह से निचले इलाके के लोगों की परेशानी बढ़ जाएगी।

प्रशासन द्वारा अलर्ट जारी किया गया
गंडक में जल स्तर बढ़ते देख प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। लोगों से अपील की जा रही है कि वे नदी की तरफ न जाएं। एहतियातन प्रशासन जगह-जगह पर अनाउंसमेंट भी कर रहा और लोगो से घरो में रहने की अपील कर रहा है। प्रशासन द्वारा टीम बना कर बाढ़ प्रभवित क्षेत्रों में गश्ती की जा रही है। जो लोग फंसे हुए हैं उन्हें मदद पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।