द फॉलोअप टीम, कोलकाता:
पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के पार्षदों, विधायकों और वरिष्ठ नेताओं का भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में 8 मार्च को टीएमसी विधायक सोनाली गुहा, दीपेंदु बिस्वास, रवींद्रनाथ भट्टाचार्य, जाटू लाहिड़ी और हबीबपुर से टीएमसी उम्मीदवार सरला मुर्मू बीजपी में शामिल हो गयीं। पश्चिम बंगाल बीजेपी अध्यक्ष दिलीप घोष ने इन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। मौके पर भाजपा नेता शुभेंदू अधिकारी और पार्टी उपाध्यक्ष मुकुल रॉय भी मौजूद थे।
'तृणमूल में अपमानित महसूस कर रहे थे विधायक'
तृणमूल कांग्रेस के पांच नेताओं को भारतीय जनता पार्टी में शामिल करवाने के बाद बंगाल बीजेपी अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि टीएमसी के लोग पार्टी में अपमानित महसूस कर रहे थे। अपमानित होकर पार्टी छोड़ने से बुरा और क्या हो सकता है। दिलीप घोष ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस इन नेताओं के जाने से खाली हुई सीट को मशहूर हस्तियों के जरिये भरने की कोशिश कर रही है। दिलीप घोष ने कहा कि रैलियों में जुटती भीड़ बताती है कि हमारे पास बहुमत है। बीजेपी जल्द ही यहां अपना जिला परिषद अध्यक्ष नियुक्त करेगी।
बीजेपी में शामिल हो चुके हैं तृणमूल के नेता
बता दें कि हाल के दिनों में तृणमूल कांग्रेस के कई बड़े नेताओं ने बीजेपी का दामन थाम लिया है। इसकी शुरुआत ममता सरकार में पर्यटन मंत्री रहे शुभेंदू अधिकारी के बीजेपी में शामिल होने से हुई थी। इसके बाद पूर्व केंद्रीय रेल मंत्री दिनेश त्रिवेदी भी बीजेपी में शामिल हो गये। कभी ममता के करीबी रहे मुकुल रॉय ने भी भारतीय जनता पार्टी ज्वॉइन कर लिया। टीएमसी की तरफ से राज्यसभा सांसद रहे फिल्म अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती ने भी रविवार को भारतीय जनता पार्टी ज्वॉइन कर ली।