logo

पाकुड़ की चंदा भारती ने BPSC की परीक्षा में हासिल किया दूसरा स्थान, बताया सफलता का मूल-मंत्र

13609news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची: 

झारखंड के पाकुड़ जिला की रहने वाली चंदा भारती ने बिहार लोक सेवा आयोग की परीक्षा में दूसरा स्थान हासिल किया है। चंदा भारती पाकुड़ के अन्नपूर्णा कॉलोनी की रहने वाली है। चंदा की सफलता पर परिजनों ने खुशी जाहिर की है। चंदा भारती के आवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। गौरतलब है कि ये बीपीएससी में चंदा भारती का दूसरा प्रयास था। चंदा भारती के पिता विवेकानंद यादव मूलरूप से बिहार के बांका स्थित रजौन के रहने वाले हैं। 

डीएवी स्कूल से हासिल की प्रारंभिक शिक्षा
चंदा भारती ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा डीएवी स्कूल पाकुड़ से हासिल की। 12वीं की पढ़ाई चंदा ने डीपीएस बोकारो से की। चंदा ने बीआईटी सिंदरी से सिविल इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया। चंदा भारती को 64वें बीपीएससी में भी सफलता मिली थी। तब उनको रेवेन्यू सर्विस आवंटित किया गया था। रैंक सुधारने और प्रसाशनिक सेवा में जाने के लिए चंदा भारती 65वीं बीपीएससी में बैठीं। इस बार सेकेंड टॉपर बनीं। चंदा भारती ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, भाई-भाभी, नाना-नानी औऱ चाचा-चाची को दिया है। चंदा कहती हैं कि पूरे परिवार ने मेरा पूरा सहयोग किया। 

शिक्षा को प्राथमिकता देंगी चंदा भारती
चंदा कहती हैं कि मैं लोगों की सेवा करना चाहती थी। मुझे अब मौका मिला है। मैं बिहार में जहां भी सर्विस का मौका मिलेगा वहां शिक्षा के क्षेत्र में प्राथमिकता के आधार पर काम करूंगी। मां कुंदन कुमारी ने कहा कि वो हमेशा अपने बच्चों को ऊंचे पदों पर देखना चाहती थीं। इसके लिए हमेशा बच्चों को प्रेरित भी किया। बेटी ने बीपीएससी में सफलता अर्जित कर मेरा सपना पूरा किया है। मेरा मान बढ़ाया है। पिता ने भी खुशी जाहिर की है। कहा कि, एक अभिभावक के लिए बच्चों की सफलता से बड़ी खुशी और कुछ नहीं हो सकती। मुझे उम्मीद है कि चंदा अच्छा काम करेगी। 

पिता विवेकानंद गढ़वा जिला में कार्यरत हैं
गौरतलब है कि चंदा भारती के पिता विवेकानंद इस वक्त गढ़वा जिला में जल संसाधन विभाग में इंजीनियर के पद पर काम करते हैं। चंदा की मां कुंदन कुमारी पाकुड़ जिला स्थित हरिणडांगा मध्य विद्यालय में सहायक शिक्षक हैं। तीन भाइयों में से एक रुपेश कुमार गृह मंत्रालय में कार्यरत हैं। बाकी 2 भाई परेश कुमार भारती और नीलश कुमार इंजीनियर है।