द फॉलोअप टीम, पटना:
इधर झारखंड विधानसभा में नमाज के लिए कमरा आवंटित होने पर माहौल पूरी तरह से गर्म है। इस मुद्दे को लेकर बिहार में भी अब बयानबाजी शुरू हो गयी है। क्योंकि बिहार विधान सभा में भी पहले से ही नमाज के लिए कमरा आवंटित है। सरकार में शामिल भाजपा ने इसको गैरजरूरी बताय़ा। भाजपा विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल ने हनुमान चालीसा पाठ के लिए भी विधानसभा में जगह की मांग कर दी है। इस पर जदयू के एक वरिष्ठ मंत्री ने कहा कि इन सब बातों की यहां चर्चा की कोई जरूरत नहीं है।

मंगलवार को अवकाश
बिस्फी विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल ने यह भी कहा कि मंगलवार को अवकाश घोषित हो। उन्होंने कहा विधानसभा सभी धार्मिक समुदाय का सम्मान करता है, इसलिए मंगलवार को अवकाश होनी चाहिए और हनुमान चालीसा पढ़ने के लिए अलग से व्यवस्था होनी चाहिए। इस तरह से सभी धर्मों को बराबर सम्मान मिल सकेगा। हालांकि, विधायक ने कोई लिखित आवेदन नहीं दिया है।

अलग से कमरे की जरुरत नहीं: जमां खान
इस मामले में शिक्षा मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि आस्था के लिए अलग से व्यवस्था की जरूरत नहीं है। जो सच्चे नमाजी हैं वह कहीं भी बैठकर नमाज पढ़ लेंगे और जिनको पूजा करनी है वह कहीं भी पूजा कर लेंगे। इसलिए यहां इन सब बातों पर चर्चा की कोई जरूरत ही नहीं है। वहीं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमां खान ने भी कहा कि नमाज पढ़ने के लिए विधानसभा में अलग से कमरा आवंटित करना गलत है।