द फॉलोअप टीम, रांची:
नगड़ी के केशरी मोहल्ला में गरीब बुजुर्ग दंपति मोहन केशरी और कस्तूरी केशरी को उनके टूटे घर की मरम्मति के लिए 20 हजार रुपये मिले हैं। ये पैसे उन्हें भाजपा नेता शशांक राज ने दिये हैं। द फॉलोअप ने मंगलवार को बुजुर्ग के टूटे घर की कहानी दिखाई थी, जिसके बाद शशांक राज उनकी मदद के लिए आगे आए हैं। बुजुर्ग का मिट्टी का घर यास तूफान में ढह गया था। बेसहारा दंपति लोगों से मदद की गुहार कर रहे थे।
मदद मिली, लेकिन आवास की आस अब भी बरकरार
मोहन और कस्तूरी कोशरी के लिए 20 हजार रुपये की मदद वाकई बड़ी राहत है, लेकिन बुजुर्ग की मांग पर अब भी सरकार मौन है। अति गरीब परिवार 12 साल से प्रधानमंत्री आवास के लिए आवेदन दे रहा है, लेकिन उन्हें घर नहीं मिल सका है। ऐसे में परिवार अधिकारियों और नेताओं से अपने लिए घर मांग रहा है। इसे लेकर अभी कर किसी प्रकार की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
ट्वीट का नहीं मिला जवाब
द फॉलोअप ने बुजुर्ग की बात सरकार तक पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री और हटिया के विधायक को टैग कर ट्वीट किया था लेकिन किसी भी तरफ से मसले पर कोई जवाब नहीं आया। मामले में अधिकारियों की बड़ी लापरवाही सामने आ रही है, मसले पर डीसी को भी टैग किया गया था, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।
शशांक ने दिया आवास आवंटन में मदद का आश्वासन
शशांक राज ने आश्वासन दिया है कि वे प्रधानमंत्री आवास योजना में मकान के आवंटन में सहयोग करेंगे। साथ ही तूफान में मकान ढहने पर उन्हें सरकारी मुआवजा भी दिलवाने का प्रयास करेंगे। मौके पर अनिल भगत, आदित्य केशरी, शिव चौघरी, पंकज कुमार, नीरज, अंकु, बंटी केशरी, नवनीत एवं गाँव के सभी लोग उपस्थित थे।