द फॉलोअप टीम, पटना :
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर छपरा के बाद अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समस्तीपुर में चुनावी रैली को संबोधित कर रहे हैं। रैली के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि कोरोना की बंदिशों के बीच भी आप सबका इतनी भारी संख्या में आना, ये आपके जोश और उत्साह को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि नतीजे क्या होने वाले हैं, आप सब का आज यहा आना यह साफ-साफ बता रहा है। यहां हर कोने में विजय का विश्वास, उमंग, उत्साह और बिहार के उज्ज्वल भविष्य का संकल्प देख रहा हूं। आपका आज उत्साह देखकर 10 नवंबर को आने वाले रिजल्ट का पता चल गया। अगर हर आंकलन, हर सर्वे NDA की जीत का दावा कर रहा है तो उसके पीछे ठोस और मजबूत कारण है। आज NDA की फिर से सरकार हमारी माताएं-बहनें बना रही हैं, जिनको हमारी सरकार, नीतीश सरकार ने सुविधाओं और अवसरों से जोड़ा है।
'जिन बहनों को पीने के पानी के संघर्ष से मुक्ति मिली, वो NDA के पक्ष में वोट डाल रही हैं'
रैली को संबोधित करने के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि वो जीविका दीदियां, जो आज आत्मनिर्भर परिवार और आत्मनिर्भर बिहार की प्रेरणा बन रही हैं, वो NDA को ताकत दे रही हैं। घर-घर, स्कूल-स्कूल बने शौचालयों ने जिन बहनों-बेटियों को गरिमा दी, अंधेरे के इंतज़ार से मुक्ति दी, वो NDA की सरकार बना रही हैं। जीवन भर धुएं में उलझती उन बहनों का वोट NDA के लिए है, जिनके घर में उज्जवला का सिलेंडर पहुंचा है। जिन बहनों को पीने के पानी के संघर्ष से मुक्ति मिली वो NDA के पक्ष में वोट डाल रही हैं। बिहार के बेटे-बेटियां, जिन्हें आज मुद्रा लोन मिल रहा है, बैंकों ने जिनके लिए दरवाजे खोल दिए हैं, जिन्हें IIT-IIM-एम्स मिल रहा है, वो आज अपने उज्जवल भविष्य के लिए NDA पर भरोसा कर रहे हैं।
समस्तीपुर में पीएम मोदी का परिवारवाद पर प्रहार
प्रधानमंत्री ने समस्तीपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज देश में एक तरफ लोकतंत्र के लिए पूर्ण रूप से समर्पित, एनडीए का गठबंधन है। वहीं दूसरी तरफ अपने निहित स्वार्थ को समर्पित पारिवारिक गठबंधन हैं। जो सिर्फ और सिर्फ अपने-अपने परिवार के लिए काम कर रही है। मोदी ने कहा कि इन पारिवारिक पार्टियों ने आपको क्या दिया? बड़े-बड़े बंगले बने, तो किसके बने? महल बने, तो किसके बने? बड़ी-बड़ी करोड़ों की गाड़ियां आईं, गाड़ियों का काफिला बना, तो किसका बना?
'जिनकी नीयत खराब हो, वो विकास के हर प्रयास का विरोध ही करेंगे'
आगे पीएम मोदी ने कहा कि जिनकी नीयत खराब हो, जिनकी नीति सिर्फ गरीबों का धन लूटने की होगी। वे विकास के हर प्रयास का विरोध ही करेंगे ना कि विकास। सरदार पटेल का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सरदार साहब ने पूरा जीवन सिर्फ और सिर्फ देश के लिए लगाया। सरदार साहब कांग्रेस पार्टी के थे, फिर भी कांग्रेस पार्टी कल सरदार पटेल की जन्म जयंती पर उनका स्मरण तक नहीं किया।
'पहले चरण के मतदान से साफ है, एनडीए की सरकार दोबारा बन रही'
इससे पहले छपरा में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि चुनाव सभाएं हमने पहले भी देखी हैं। चुनाव में कितनी भी गर्मी आई हो, चुनाव कितना भी नजदीक क्यों न आ गया हो़, तो भी सुबह 10 बजे से पहले इतनी बड़ी विशाल रैली कभी संभव नहीं होती। ये अद्भुत नजारा है। यहां के लोगों का उत्साह देखने लायक है। पीएम मोदी ने कहा कि पहले चरण के मतदान से साफ नजर आ रहा है कि नीतीश बाबू के नेतृत्व में एनडीए की सरकार दोबारा बन रही है।
विपक्ष पर पीएम का निशाना, कहा- 'जंगलराज के युवराज'
विपक्ष पर निशाना करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि बीजेपी के लिए, एनडीए के लिए आपका ये प्रेम कुछ लोगों को अच्छा नहीं लग रहा है, रात को उन्हें नींद नहीं आ रही है। हाल ऐसा है कि कभी-कभी तो अपने ही कार्यकर्ताओं से मारकर फेंकते हैं। उनकी हताशा-निराशा, बौखलाहट, गुस्सा, अब बिहार की जनता बराबर देख रही है। चेहरे से हंसी गायब हो गई है।आगे उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों को, उनकी भावनाओं को ये लोग कभी समझ नहीं सकते। ये सिर्फ अपने परिवार के लिए पैदा हुए हैं, अपने परिवार के लिए जी रहे हैं और अपने परिवार के लिए ही जूझ रहे हैं। उन्हें न बिहार से कोई लेना देना है और न बिहार की युवा पीढ़ी से कोई लेना देना है। पीएम मोदी ने एक बार फिर तेजस्वी पर निशाना साधते हुए 'जंगलराज के युवराज' कहकर निशाना साधा।