रांची:
Ranchi News: राजधानी रांची (Ranchi) के अलग-अलग इलाकों में रविवार (Sunday) को बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी। बिजली विभाग की ओर से कई विद्युत शक्ति केंद्रों और फीडरों में मेंटेनेंस, पेड़ों की डालियों की छंटाई, एलटी लाइन को कवर्ड केबल में बदलने और 33 केवी लाइन की शिफ्टिंग समेत कई जरूरी काम किए जाएंगे। इसके चलते अपर बाजार, तुपुदाना, टाटीसिलवे, डोरंडा, चुटिया, नामकुम, कोकर, मोरहाबादी और हरमू के कई इलाकों में निर्धारित समय के दौरान बिजली बंद रहेगी। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे बिजली कटौती के निर्धारित समय को ध्यान में रखते हुए जरूरी काम पहले ही निपटा लें।

अपर बाजार में सुबह 8 बजे से 9:30 बजे तक बिजली बंद
अपर बाजार के विद्युत अवर प्रमंडल के तहत 11 केवी सर्किट हाउस फीडर में फीडर मेंटेनेंस और पेड़ों की डालियों की छंटाई का काम किया जाएगा। इसके कारण सुबह 8 बजे से 9:30 बजे तक आई हाउस, नेडियम रोड, सर्कुलर रोड, कचहरी रोड, डिप्टी पाड़ा और लाइन टैंक रोड समेत आसपास के इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
तुपुदाना में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक कटौती
विद्युत शक्ति उपकेंद्र तुपुदाना में औद्योगिक क्षेत्र में पेड़ों की डालियों की कटाई और फॉर्च्यून इंडस्ट्री के पास मरम्मत का काम किया जाएगा। इसके चलते सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक 11 केवी कार्टून फीडर, पुराना एन्सिलरी, नया एन्सिलरी और बैंक फीडर से जुड़े इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
टाटीसिलवे-डोरंडा में दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बिजली प्रभावित
दुर्गा सोरेन चौक के पास सड़क चौड़ीकरण के लिए 33 केवी लाइन की शिफ्टिंग की जाएगी। इस काम के कारण दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक टाटीसिलवे और डोरंडा क्षेत्र के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी। इस दौरान घाघरा, कुसई, डोरंडा बाजार, अनंतपुर, निवारणपुर, मजिस्ट्रेट कॉलोनी, हिनू, चाय बागान, जेयूटी, जैक, काली नगर, लॉ कॉलेज, बंदगांव, रामपुर, सरबल, लाली, विकास नगर, कोचा टोली, तुम्बा घुटु, पलांडू, सिदरोल, गड़के और जामुन टोली सहित आसपास के इलाकों में बिजली बंद रह सकती है।
कोकर-चुटिया में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बिजली कटौती
चुटिया क्षेत्र में एलटी तार को कवर्ड केबल में बदलने का काम किया जाएगा। इसके चलते सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चुटिया कृष्णापुरी रोड नंबर-5बी, बाणेश्वर नगर, गायत्री सोसाइटी, आंगन पैलेस और बहुबाजार चौक में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इसके अलावा नामकुम के शिव बिहार कॉलोनी और नामकुम बस्ती तथा कोकर के मूर्ति गली और डॉन बॉस्को स्कूल के पास मिशन कॉलोनी समेत आसपास के इलाकों में भी बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
मोरहाबादी में सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक बिजली बंद
विद्युत शक्ति केंद्र मोरहाबादी से जुड़े क्षेत्रों में भी मेंटेनेंस कार्य के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित होगी। यहां सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक पार्क प्राइम होटल, मोरहाबादी सब्जी मार्केट, जतरा टांड, जुडियो मॉल, साइड गली, दुर्गा पंडाल, बोड्या रोड, मोरहाबादी, बैंक कॉलोनी और मस्जिद गली समेत आसपास के इलाकों में बिजली बाधित रहेगी।
कोकर में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक कटौती
विद्युत शक्ति केंद्र कोकर के अंतर्गत भी सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी। इस दौरान कोकर शहरी क्षेत्र में गुड़िया पेट्रोल पंप से नया टोली और आसपास के इलाकों में बिजली बंद रहेगी।
हरमू-न्यू हरमू में दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक बिजली बंद
हरमू इलाके में 11 केवी न्यू हरमू फीडर के तहत पेड़ों की डालियों की छंटाई का काम किया जाएगा। इसके कारण दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक पटेल चौक, हरमू, अरगोड़ा थाना क्षेत्र, बसंत बिहार और आसपास के इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील
बिजली विभाग के मुताबिक, सभी कार्य विद्युत व्यवस्था को बेहतर और सुरक्षित बनाए रखने के लिए किए जा रहे हैं। निर्धारित समय के दौरान प्रभावित इलाकों में बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। हालांकि, काम की स्थिति के अनुसार बिजली कटौती की अवधि में बदलाव संभव है।