logo

कहर बनकर गिरी बिजली! झारखंड में वज्रपात की अलग-अलग घटना में 4 बच्चों की मौत, 3 घायल

कहर बनकर गिरी बिजली! झारखंड में वज्रपात की अलग-अलग घटना में 4 बच्चों की मौत, 3 घायल
द फॉलोअप टीम, रांची :
राज्य में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। झारखंड के कई जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश हुई। इस बीच वज्रपात की भी घटना हुई है। वज्रपात की अलग-अलग घटना में 4 मासूम बच्चों की जान चली गयी। तेज आंधी और बारिश की वजह से कई जिलों में कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचा है। कहीं-कहीं खेत में खड़ी फसल भी खराब हो गयी। अभी कुछ दिनों तक मौसम ऐसा ही रहेगा। 

रामनगर में कहर बनकर गिरी बिजली
मांडू के रामनगर में वज्रपात की घटना में 2 बच्चों की मौत हो गयी। मृत बच्चों की पहचान विकास भुइय़ां और कुंदन भुइयां के रूप में की गयी। जानकारी के मुताबिक रामनगर के मलियागढ़ा मुहल्ले के बच्चे आंधी और बारिश के बीच आम चुन रहे थे। तभी वज्रपात हो गया। वज्रपात की चपेट में आकर दोनों बच्चे झुलस गए। उनको सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मांडू ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दो बच्चों की मौत से गांव में मातम पसरा है। 

लातेहार में भी वज्रपात से 2 बच्चों की मौत
जानकारी के मुताबिक मनिका थाना क्षेत्र के सधवाड़ी गांव के नवा टोली टोला में आम चुनने गए दो चचेरे भाइयों की मौत आकाशीय बिजली के गिरने से हो गई। मृतकों में 12 वर्षीय करण सिंह  और 10 वर्षीय पंकज सिंह शामिल है। वहीं, रंजन सिंह, सत्यम सिंह व अनीता कुमारी घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से सभी घायल को मनिका सीएचसी पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया गया।