द फॉलोअप टीम, पटना:
वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के पास के इलाके में जंगली जानवरों के निकलने से लोगों में दहशत है। कल रात भी वाल्मीकि नगर हवाई अड्डा के पास एक 12 फ़ीट लंबा मगरमच्छ दिखाई पड़ा जिसके बाद इलाके में दहशत फ़ैल गई। मगरमच्छ सड़क किनारे आर्यन कंप्यूटर की दुकान के बगल में बैठा हुआ था। तभी लोगों की नजर उस पर पड़ी। लोगों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी । विभाग ने 2 घंटे में मगरमच्छ को रेस्क्यू किया।

काफी मशक्क़त के बाद निकला बाहर
मगरमच्छ काफी भारी और लंबा था, इसलिए उसको रेस्क्यू करना काफी मुश्किल भरा काम था। वन विभाग के साथ स्थानीय लोगों ने भी रेस्क्यू करने के लिए अपना जी जान लगा दिया। कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित निकाला गया। दरअसल बारिश की वजह से वाल्मीकि टाइगर रिजर्व में पानी भर गया था, इसलिए जंगली जानवर बाढ़ के पानी से बचने के लिए इलाके के तरफ रुख कर रहे हैं।

मगरमच्छ के रेस्क्यू में काफी वक्त लगा
अंधेरे में मगरमच्छ के अटैक का डर ज्यादा था। उसे पकड़ने के लिए 2 घंटे का समय लगा। वन विभाग ने जाल के माध्यम से मगरमच्छ को पकड़ा। पिंजरे में डालकर उसे फिर गंडक नदी में छोड़ा गया। लोगों ने बताया कि मगरमच्छ को समय पर देख लिया गया, नहीं तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता था।