द फॉलोअप डेस्क
मणिपुर में फिर से हिंसा भड़क गई है और राज्य के गृह मंत्री ने बताया है अल-अलग गुट ने 38 से अधिक लोगों को बंधक बना लिया है। हिंसा चर्च से जुड़े तीन लोगों की हत्या के बाद भड़की है। मिली खबर के मुताबिक कांगपोकपी ज़िले में संदिग्ध उग्रवादियों ने चर्च से जुड़े तीन नेताओं की गोली मारकर हत्या कर दी और चार अन्य को घायल कर दिया, जबकि नोनी ज़िले में एक आम नागरिक की गोली मारकर हत्या कर दी गई और उसकी पत्नी घायल हो गई। मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह, उपमुख्यमंत्री लोसी दिखो, गृह मंत्री गोविंदास कोंथौजम और अन्य लोग इंफाल के शिजा अस्पताल में हमले के बाद घायल लोगों से मिलने पहुंचे। पुलिस ने बताया कि बुधवार को मणिपुर के कांगपोकपी ज़िले में संदिग्ध उग्रवादियों के हमले में तीन चर्च नेताओं की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए।

नागा और कुकी समुदायों से हैं बंधक बने लोग
वहीं, गृह मंत्री गोविंदास कोंथौजम ने गुरुवार को कहा कि राज्य में नागा और कुकी समुदायों से जुड़े "38 से ज़्यादा लोगों" को अलग-अलग गुटों ने बंधक बना रखा है। अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को मणिपुर में फिर से हिंसा भड़क उठी। कोंथौजम ने पत्रकारों से कहा, "कुल मिलाकर, दोनों समुदायों के 38 से ज़्यादा लोगों को अलग-अलग गुटों ने बंधक बना रखा है। हम उनकी रिहाई सुनिश्चित करने के लिए नागरिक समाज समूहों और राजनीतिक नेताओं के साथ सक्रिय रूप से बातचीत कर रहे हैं।" कोंथौजम ने ये बातें बुधवार शाम को नोनी ज़िले के जौज़ांगटेक के पास हुए हमले में मारे गए आम नागरिक के परिवार से मिलने के दौरान कहीं।

हत्या की निंदा की गई
इधर, बुधवार शाम को, ताफौ कुकी गांव के एल. चोंगलोई ने सेनापति पुलिस स्टेशन में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उन्होंने दावा किया कि सात ट्रकों और एक कार में सफर कर रहे 23 गांव वालों को कुछ अनजान लोगों ने रोक लिया है। मिजोरम और मणिपुर के मुख्यमंत्रियों ने चर्च नेताओं की हत्या की निंदा की है और दोषियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की है। इस बीच, गुरुवार को मणिपुर के कम से कम तीन जिलों – कांगपोकपी, चुराचांदपुर और चंदेल – में आम जनजीवन ठप हो गया। यह बंद कुकी-ज़ो और नागा समुदायों ने तीन चर्च नेताओं और एक आम नागरिक की हत्या के विरोध में बुलाया था।
