द फॉलोअप, रांची:
सरकार राज्य की आपातकालीन और रेफरल स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने 720 नई एंबुलेंस खरीदने की तैयारी शुरू कर दी है जिससे खासकर ग्रामीण इलाकों में मरीजों को समय पर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाने में मदद मिलेगी। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई उच्चस्तरीय बैठक में एंबुलेंस खरीद, संचालन व्यवस्था और निविदा प्रक्रिया की समीक्षा की गई।

50 ALS और 270 BLS एंबुलेंस खरीदे जायेंगे
बता दें कि बैठक में अधिकारियों को शेष 690 एंबुलेंस की खरीद के लिए एक महीने के भीतर टेंडर प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया। 50 एडवांस लाइफ सपोर्ट (एएलएस) एंबुलेंस में से 30 की खरीद प्रक्रिया पहले से जारी है। नई योजना के तहत राज्य में 50 एडवांस लाइफ सपोर्ट (एएलएस), 270 बेसिक लाइफ सपोर्ट (बीएलएस) और 400 पेशेंट ट्रांसपोर्ट व्हीकल (पीटीवी) उपलब्ध कराए जाएंगे। विभाग का मानना है कि पुरानी और जर्जर हो चुकी एंबुलेंसों के कारण विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में मरीजों के रेफरल में दिक्कतें आ रही थीं जिसे नई व्यवस्था से दूर किया जाएगा।
.jpeg)
400 पेशेंट ट्रांसपोर्ट व्हीकल CHS और PHC दिए जायेंगे
400 पेशेंट ट्रांसपोर्ट व्हीकल सीधे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) को दिए जाएंगे। इनका संचालन स्थानीय चिकित्सा प्रभारी की निगरानी में आउटसोर्स एजेंसियों के माध्यम से होगा, जिसके लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) प्रति वाहन हर महीने ₹50 हजार उपलब्ध कराएगा। वहीं, 50 एएलएस एंबुलेंस राज्य के सभी सदर अस्पतालों और मेडिकल कॉलेज अस्पतालों में तैनात की जाएंगी, जबकि 270 बीएलएस एंबुलेंस के संचालन के लिए अलग से एजेंसी का चयन किया जाएगा।