logo

JSSC सहायक आचार्य भर्ती में OBC आरक्षण शून्य करने पर विरोध, संशोधन की मांग

OBC6.jpg

द फॉलोअप, रांची:
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा जारी विज्ञापन संख्या 04/2026 के तहत होने वाली झारखंड प्रशिक्षित सहायक आचार्य प्रतियोगिता परीक्षा में पिछड़ा वर्ग (BC-I और BC-II) के लिए आरक्षण नहीं दिए जाने का विरोध शुरू हो गया है। शुक्रवार को राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने धुर्वा स्थित राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में भर्ती विज्ञापन में संशोधन कर BC-I और BC-II को 14 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग की गई।

BC-I और BC-II को 14% आरक्षण देने की मांग
संगठन का कहना है कि भर्ती के कुल 1909 पदों में एसटी के लिए 640, एससी के लिए 186 और ईडब्ल्यूएस के लिए 185 पद आरक्षित किए गए हैं जबकि BC-I और BC-II के लिए एक भी पद नहीं रखा गया है। मोर्चा का कहना है कि झारखंड में पिछड़ा वर्ग को 14 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है इसलिए उन्हें इस भर्ती में आरक्षण मिलना चाहिए।

राजेश कुमार गुप्ता ने आरोप लगाया कि JSSC ने अदालत के आदेश की गलत व्याख्या करते हुए पिछड़ा वर्ग को आरक्षण से वंचित किया है। उन्होंने कहा कि यह समान अवसर के सिद्धांत के खिलाफ है।

राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग को ज्ञापन
आयोग को ज्ञापन सौंपते हुए मोर्चा ने विज्ञापन की कुछ अन्य शर्तों पर भी आपत्ति जताई है। संगठन का कहना है कि टीईटी को अनिवार्य करना और नॉर्मलाइजेशन की व्यवस्था लागू करना अभ्यर्थियों के हित में नहीं है। मोर्चा ने मांग की है कि 30 अगस्त 2026 से पहले विज्ञापन में संशोधन कर BC-I और BC-II को 14 प्रतिशत आरक्षण दिया जाए। ऐसा नहीं होने पर आंदोलन और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


 

Tags - JSSC RecruitmentOBC ReservationJharkhand NewsAssistant Teacher RecruitmentBackward Class Commission