logo

उत्तरकाशी टनल रेस्क्यू पर बोले सौरव गांगुली, इस देश का नागरिक होना सौभाग्य की बात

उत्तरकाशी टनल रेस्क्यू पर बोले सौरव गांगुली, इस देश का नागरिक होना सौभाग्य की बात

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में सिलक्यारा-डंडालगांव टनल रेस्क्यू की सराहना करते हुए पूर्व क्रिकेटर सौरव गांगुली ने कहा कि हम सब भाग्यशाली हैं कि इस देश में रहते हैं। भारत को एक शानदार देश बताते हुए सौरव गांगुली ने कहा कि हमने सिलक्यारा टनल का रेस्क्यू ऑपरेशन देखा और यह अविश्वसनीय है। उन्होंने कहा कि हमारा देश मुसीबत में फंसे अपने नागरिकों की जिस तरह से मदद करता है वह देखना शानदार है। उन्होंने कहा कि मैं यह कहने से खुद को रोक नहीं पाऊंगा कि हम कितने भाग्यशाली हैं कि इस देश के नागरिक हैं। दरअसल, कोलकाता में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे गांगुली ने पत्रकारों ने टनल हादसे पर सवाल पूछा था।

 

12 नवंबर को टनल में हुआ था हादसा
बता दें कि उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में निर्माणाधीन सिलक्यारा-डंडालगांव टनल का एक हिस्सा दीपावली वाले दिन यानी 12 नवंबर को गिर गया था। हादसे में सुरंग के भीतर काम कर रहे 41 मजदूर 70 मीटर तक गिरे मलबे के उस पार फंस गए थे। 17 दिन लंबा चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी 41 मजदूरों को सकुशल निकाल लिया गया था। टनल में पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार और झारखंड सहित अन्य राज्यों के मजदूर फंस गए थे। यूपी के भी कुछ मजदूर वहां फंसे थे। 

आज घर लौटेंगे झारखंड के 15 मजदूर
सिलक्यारा टनल में फंसे मजदूरों को पहले उत्तरकाशी जिले में ही एक अस्थायी स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया। वहां जांच के बाद सबको ऋषिकेश स्थित एम्स में ले जाया गया। सभी मजदूर स्वस्थ हैं और अब उनको घर भेजा जा रहा है। झारखंड के 15 मजदूर और उनके 12 परिजन आज शाम घर लौटेंगे।