द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र के गाड़ीखाना स्थित एक राइफल शूटिंग क्लब में छात्राओं के चेंजिंग रूम और बाथरूम में कथित तौर पर गुप्त कैमरे लगाए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी मिलते ही क्लब परिसर में हंगामा हो गया। छात्राओं और उनके परिजनों की सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में क्लब के ट्रेनर सचिन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। बताया गया कि शूटिंग की ट्रेनिंग लेने वाली कुछ छात्राओं को चेंजिंग रूम और बाथरूम में संदिग्ध गतिविधि का एहसास हुआ था। इसके बाद जांच करने पर वहां छिपाकर लगाए गए कैमरों का पता चला।

आरोपी के मोबाइल से मिले कई आपत्तिजनक वीडियो
कैमरे मिलने की जानकारी सामने आने के बाद छात्राओं और उनके परिजनों ने क्लब परिसर में विरोध जताते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ट्रेनर सचिन कुमार के मोबाइल फोन की जांच के दौरान छात्राओं के चेंजिंग रूम और बाथरूम से रिकॉर्ड किए गए कई आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। मोबाइल को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है, ताकि रिकॉर्डिंग से जुड़ी अन्य जानकारी सामने आ सके।

फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया मोबाइल
पुलिस अब पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कथित गुप्त कैमरे क्लब में कब से लगाए गए थे और इनके जरिए कितने समय से रिकॉर्डिंग की जा रही थी। साथ ही पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी ने रिकॉर्ड किए गए वीडियो किसी अन्य व्यक्ति के साथ साझा किए थे या उन्हें ऑनलाइन कहीं अपलोड किया गया था। फिलहाल आरोपी से पूछताछ और मोबाइल की फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।