डेस्कः
गुजरात के मोरबी में हुए हादसे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी आज मोरबी जाकर स्थिति का जायजा लेंगे। सोमवार को उन्होंने अधिकारियों के साथ उच्च-स्तरीय बैठक की थी। वहीं मोरबी पुल का रखरखाव व संचालन करने वाली ओरेवा फर्म पर ताला लगा दिया गया है। अभी तक कंपनी के मैनेजर समेत नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घायलों से मिलने आज पीएम मोदी सरकारी अस्पताल भी जाने वाले हैं। पीएम आज 3:45 मिनट पर घटनास्थल पहुंचेंगे। उनके साथ मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी होंगे। इसके बाद चार बजे वह अस्पताल जाएंगे।

घायलों से मिलने पहुंचेंगे पीएम
पीएम के सरकारी अस्पताल पहुंचने से पहले वहां का रंग-रोगन किया गया है। नए कूलर लगाए गए हैं। इस पर विपक्ष ने आपत्ति जताई है। आम आदमी पार्टी ने कहा है कि भाजपा प्रधानमंत्री के फोटोशूट के लिए इवेंट मैनेजमेंट में लगी हुई है। वहीं कांग्रेस ने इस त्रासदी को भाजपा के लिए इवेंट बताया है। बता दें कि इस पर सुप्रीम कोर्ट 14 नवंबर को सुनवाई के लिए तैयार हो गया। याचिका में दुर्घटना की जांच रिटायर्ड जज के नेतृत्व में कराए जाने की मांग की गई है। मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक बुधवार(कल) को गुजरात में एक दिन का राजकीय शोक की घोषणा की गई है।
