logo

बिजली निगम में 6 कार्यपालक अभियंताओं का तबादला, अमित भगत बने पूर्वी प्रमंडल के नए कार्यपालक अभियंता

बिजली निगम में 6 कार्यपालक अभियंताओं का तबादला, अमित भगत बने पूर्वी प्रमंडल के नए कार्यपालक अभियंता

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
झारखंड राज्य बिजली वितरण निगम में प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। निगम ने सोमवार देर रात छह कार्यपालक अभियंताओं का तबादला करते हुए अलग-अलग विद्युत आपूर्ति प्रमंडलों में नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस बदलाव के तहत अमित भगत को विद्युत आपूर्ति प्रमंडल पूर्वी का नया कार्यपालक अभियंता बनाया गया है, जबकि डोरंडा प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता अमित कुमार का तबादला चतरा कर दिया गया है।

राजेश कुमार मंडल को मिली नई जिम्मेदारी
जारी स्थानांतरण आदेश के अनुसार, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल पूर्वी के कार्यपालक अभियंता राजेश कुमार मंडल को वरीय प्रबंधक (तकनीकी) बनाया गया है। नई जिम्मेदारी के साथ उन्हें निगम मुख्यालय स्थित जन समस्या केंद्र के पर्यवेक्षण का कार्य भी सौंपा गया है। अब तक जन समस्या केंद्र का काम देख रहे अनुप प्रसाद को विद्युत आपूर्ति प्रमंडल केंद्रीय (मेन रोड) का कार्यपालक अभियंता नियुक्त किया गया है। वहीं, केंद्रीय प्रमंडल (मेन रोड) के कार्यपालक अभियंता अमित भगत को पूर्वी प्रमंडल में पदस्थापित किया गया है। वह राजेश कुमार मंडल की जगह कार्यभार संभालेंगे।


चतरा और डोरंडा प्रमंडल में भी बदलाव
विद्युत आपूर्ति प्रमंडल चतरा के कार्यपालक अभियंता राकेश कुमार सिंह का तबादला डोरंडा प्रमंडल में किया गया है। उन्हें तत्काल प्रभाव से अमित कुमार की जगह पदस्थापित किया गया है। वहीं, अमित कुमार को डोरंडा से चतरा भेजा गया है। निगम के इस प्रशासनिक फेरबदल से रांची के पूर्वी, केंद्रीय और डोरंडा विद्युत आपूर्ति प्रमंडलों के साथ चतरा में भी अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदल गई हैं। स्थानांतरण आदेश के तहत अधिकारियों को नए पदों पर कार्यभार संभालना है।

Tags - Jharkhand News Ranchi News Electricity Department Executive Engineer Transfer JBVNL