logo

दिल्ली : मल्लिकार्जुन खड़गे ने कांग्रेस अध्यक्ष पद की शपथ ली, सोनिया-राहुल समेत कई नेता रहे मौजूद

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कांग्रेस अध्यक्ष पद की शपथ ली, सोनिया-राहुल समेत कई नेता रहे मौजूद

दिल्ली:
मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge) ने कांग्रेस अध्यक्ष पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। इसके साथ ही खड़गे ने कांग्रेस अध्यक्ष पद की कमान संभाल ली है। इस अवसर पर अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi), राहुल गांधी (Rahul Gandhi) और प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) भी मौजूद रहें।  बीते 24 सालों में यह पहला मौका है जब कोई गैर नेहरू-गांधी परिवार का शख्स कांग्रेस अध्यक्ष पद संभाल रहा हैं। बता दें कि खड़गे कांग्रेस अध्यक्ष बनने वाले 65वें नेता (Kharge 65th leader to become Congress President) हो गए हैं।


कांग्रेस की तीन पीढ़ियों को नमन किया
शपथ के लिए कांग्रेस  मुख्यालय पहुंचने से पहले खड़गे ने राजघाट पहुंचकर गांधीजी को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वे जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की समाधि पर गए। इस तरह खड़गे ने पद संभालने से पहले गांधीजी के साथ कांग्रेस की तीन पीढ़ियों को नमन किया। खड़गे ने पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री और दलित नेता बाबू जगजीवन राम की समाधि पर भी फूल चढ़ाए। खड़गे ने मंगलवार को शाम 6 बजे पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मुलाकात की थी।
खड़गे के अध्याय से कांग्रेस का नया सूर्योदय होगा-सोनिया
खड़गे के शपथ ग्रहण से पहले सोनिया गांधी ने अपने संबोधन में कहा कि,कांग्रेस में खड़गे के अध्याय से नया सूर्योदय होगा। उन्होंने कहा कि खड़गे के नेतृत्व में कांग्रेस पूरी शक्ति और मेहनत के साथ आगे बढ़ेगी। उन्होंने आगे कहा कि आज मैं एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी से मुक्त हो गई हूं। आज मैं काफी राहत महसूस कर रही हूं। आज से कांग्रेस पर मलिकार्जुन खड़गे का राज होगा। उनके नेतृत्व में कांग्रेस मजबूती से काम करेगी। इसके साथ ही उन्होंने मल्लिका अर्जुन खड़गे का कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में स्वागत किया।


शक्ति के साथ कांग्रेस के लिए काम करूंगा- खड़गे
खड़गे ने अपने संबोधन में सबसे पहले सोनिया गांधी,राहुल गांधी के साथ पार्टी के सामान्य कार्यकर्ताओं का उनके जीत दिलाने के लिए शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि यह पल मेरे लिए काफी भावुक क्षण है। आज मजदूर का बेटा कांग्रेस अध्यक्ष बना है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मैं अपनी पूरी शक्ति के साथ कांग्रेस के लिए काम करूंगा लेकिन उसके लिए पार्टी के कार्यकर्ताओं को भी पूरी लगन के साथ मेरा साथ देना होगा। 
शशि थरूर को दी थी मात
बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष पद चुनाव के नतीजे में उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी शशि थरूर को 6825 वोटों से हराया था। मलिकार्जुन खड़गे को कुल 7897 वोट मिले वहीं शशि थरूर को 1072 वोट मिले। इसी के साथ 24 साल बाद गांधी परिवार के बाहर किसी नेता को देश की सबसे पुरानी पार्टी का अध्यक्ष चुना गया है।