मुंबई:
महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के वरिष्ठ नेता नवाब मलिक से प्रवर्तन निदेशालय (ED) के अधिकारियाें ने 8 घंटे तक पूछताछ की है। सुबह-सुबह उनके आवास से उनकी गिरफ्तारी हुई है। बताया जा रहा है कि अंडरवर्ल्ड से रिश्ते, संपत्ति की अवैध रूप से कथित खरीद-फरोख्त और हवाला लेनदेन के संबंध में ईडी ने 15 फरवरी को मुंबई में 10 जगहों पर छापेमारी की थी। इसी सिलसिले में मलिक से पूछताछ की जा रही है। खबर है कि दाऊद के भाई इकबाल कासकर ने मलिक का नाम लिया था।

इधर, शिव सेना नेता संजय राउत नवाब मलिक की गिरफ्तारी से भड़क उठे हैं। उन्होंने कहा है, महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नवाब मलिक को जिस तरह से ED के लोग उनके घर में जाकर लेकर गए हैं, यह महाराष्ट्र सरकार के लिए चुनौती है। पुराने मामलों को निकालकर सबकी जांच हो रही है। आप जांच कर सकते हैं। 2024 के बाद आप की भी जांच होगी।

बता दें कि इधर कई महीनों से एनसीपी नेता नवाब मलिक चर्चा में हैं। शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान की ड्रग मामले में गिरफ्तारी के बाद उन्होंने एनसीबी अधिकारी समीर वानखेड़े पर कई आरोप लगाए थे। दोनों के बीच बहुत दिनों तक आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला। बताया गया है कि सम्पत्तियों की अवैध खरीद-फरोख्त मामले में मलिक की संलिप्ता की एजेंसी जांच कर रही है।