द फॉलोअप डेस्क रांची:
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड सरकार वर्ष 2050 में राज्य का स्वरूप कैसा होगा, इस दिशा में बड़े पैमाने पर काम कर रही है। सरकार लंबी कार्ययोजना के साथ नीति निर्धारण कर रही है, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर व्यवस्था स्थापित की जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, खून और पसीने से बना है। ऐसे में राज्य के जनप्रतिनिधियों और सरकार की जिम्मेदारी है कि उनके सपनों के अनुरूप झारखंड का विकास किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार प्रयास कर रही है और आने वाले समय में कई चुनौतियां सामने आएंगी, लेकिन उनका समाधान भी निकाला जाएगा। मालूम हो कि भाजपा 2047 में विकसित भारत की परिकल्पना को लेकर अपनी नीतियां बना रही है। झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के विकास और भविष्य की योजनाओं को लेकर सरकार का विजन सामने रखा।
.jpeg)
2050 के झारखंड को लेकर सरकार की तैयारी
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार राज्य के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और विभिन्न क्षेत्रों में सुधार की जरूरत पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि पिछले पांच-छह वर्षों में राज्य ने कई ऐसे कदम उठाए हैं, जिन्हें आज देश उदाहरण के रूप में देखता है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि इतनी बड़ी व्यवस्था में अभी कई सुधार करने बाकी हैं। व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए बड़े पैमाने पर बदलाव की आवश्यकता है, ताकि भविष्य की चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके।
जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही पर दिया जोर
मुख्यमंत्री ने विधानसभा को लोकतंत्र का सबसे बड़ा मंदिर बताते हुए कहा कि यह ऐसी संस्था है, जहां जाति, धर्म और ऊंच-नीच का कोई भेदभाव नहीं होता। यहां सभी जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे राज्य की जनता के हित में निर्णय लें और ऐसी नीतियां बनाएं, जिनका लाभ आम लोगों तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि विधानसभा राज्य को दिशा देने का काम करती है। मुख्यमंत्री, मंत्री, अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष और सचेतक सहित सभी जनप्रतिनिधियों के कंधों पर अलग-अलग जिम्मेदारियां होती हैं। राज्य के विकास के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। यह किसी एक व्यक्ति के प्रयास से संभव नहीं है।

उत्कृष्ट विधायक नीरल पूर्ति की तारीफ की
विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस समारोह में विधायक नीरल पूर्ति को वर्ष 2026 के लिए उत्कृष्ट विधायक के रूप में सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने उनके काम करने के तरीके की सराहना की। उन्होंने कहा कि नीरल पूर्ति को आपने अखबारों और सोशल मीडिया में ज्यादा तामझाम के साथ नहीं देखा होगा। वह अपने काम पर विश्वास करते हैं, न कि प्रचार-प्रसार पर। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग अपने काम के दम पर अलग पहचान बनाते हैं, जबकि कुछ लोग केवल दिखाई देते हैं, लेकिन उनका काम नजर नहीं आता। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर पांच साल में जनप्रतिनिधियों की परीक्षा होती है और जनता के बीच जाकर अपने काम का जवाब देना पड़ता है। इसलिए हर निर्णय राज्य की जनता के हित को ध्यान में रखकर लिया जाना चाहिए।
आंदोलनकारियों के सपनों का झारखंड बनाने की जरूरत
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड अलग राज्य बनने के पीछे आंदोलनकारियों का एक बड़ा सपना था। आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर व्यवस्था स्थापित करना सभी की जिम्मेदारी है। राज्य ने विकास के कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं, लेकिन अभी भी कई क्षेत्रों में सुधार की जरूरत है। उन्होंने विधानसभा के स्थापना दिवस पर सभी जनप्रतिनिधियों, पूर्व विधायकों, मंत्रियों, सांसदों और विधानसभा के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं।
