logo

राजनीति चमकाने के लिए एमएमडीआर संशोधन बिल पर हेमंत सोरेन फैला रहें हैं भ्रम : आदित्य साहू

adity-hemant.jpg

द फॉलोअप, रांची
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहु ने संसद से पारित एमएमडीआर संशोधन बिल पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के बयान और रुख पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा है कि झारखंड की हेमंत सरकार पर इस विधेयक के बहाने जनता को गुमराह करने और केवल राजनीति चमकाने काम कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा है कि वह इस मामले पर भ्रम और गुमराह की राजनीति न करें। इस विधेयक को लेकर झामुमो सहित विपक्ष की सारी आशंकाएं एवं आरोप बेबुनियाद और निराधार है। 

सेस पर पूरे देश में एकरुपता लाने का प्रयास,  देश में वन नेशन, वन टैक्स की हो रही बात

साहू ने कहा है कि सेस का विषय तो पूरे देश के लिए है। यह एकरूपता लाने का प्रयास है। वन नेशन, वन टैक्स की बात आज देश में हो रही है। सेस के नाम जो लूट हो रही है, उसपर विराम लगेगा। वैसे भी देश के लोगों को अपने से अधिक देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भरोसा है कि वे वैसा कोई काम नहीं करेंगे जिससे देश के लोगों को थोड़ा भी अहित हो। श्री साहू ने कहा कि अगर छात्रों पर दमनात्मक कार्रवाई से फुर्सत मिल गई हो तो मुख्यमंत्री को थोड़ा संविधान भी पढ़ लेनी चाहिए। भारत एक संघीय गणराज्य है,  जिसमें केंद्र और राज्य की शक्तियां स्पष्ट रूप से निर्धारित हैं। संविधान और व्यवस्था के दायरे में समाधान खोजने की बजाय केंद्र से टकराव खड़ा करना कतई राज्यहित में नहीं है। छात्र आंदोलन से ध्यान भटकाने के लिए अपनी पार्टी झामुमो को खुलेआम आंदोलन के लिए उकसाना भी झारखंड के हित में नहीं है। उन्होंने झामुमो एवं मुख्यमंत्री को मामले को डायवर्ट नहीं करने का सुझाव दिया है। 

राज्य के अधिकार पर कोई प्रहार नहीं

श्री साहू ने कहा कि यह विधेयक विकसित भारत की दिशा में सकारात्मक कदम साबित होगा। यह खनन क्षेत्र को अधिक प्रतिस्पर्धी, पारदर्शी, पूर्वानुमेय और निवेशक-अनुकूल बनाता है। यह निवेश, उत्पादन, विनिर्माण, अवसंरचना, रोजगार, ऊर्जा सुरक्षा, राष्ट्रीय सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देगा। श्री साहू ने कहा कि यह संशोधन विधेयक भूमि और खनिजों पर राज्यों के किसी भी अधिकार को समाप्त नहीं करता और न ही राज्यों द्वारा खनिजों पर लगाए और वसूल किए जाने वाले किसी कर को समाप्त करता है। केंद्र सरकार राज्य सरकारों को कर लगाने से नहीं रोक रही है। बल्कि इस संशोधन के माध्यम से यह प्रावधान किया जा रहा है कि राज्य सरकार केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित नियमों के अनुरूप कर, सेस या अन्य अधिभार लगाए, ताकि खनिज क्षेत्र में एकरूपता और स्थिरता सुनिश्चित की जा सके। इससे खनिज-युक्त राज्यों को मिलने वाली रॉयल्टी, जिला खनिज फाउंडेशन और राष्ट्रीय खनिज अन्वेषण ट्रस्ट से होने वाली आय पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। यह विधेयक राज्यों को प्राप्त होने वाले राजस्व को कम नहीं करता। राज्यों को रॉयल्टी, नीलामी प्रीमियम, जिला खनिज फाउंडेशन, राष्ट्रीय खनिज अन्वेषण ट्रस्ट से होने वाले लाभ और जीएसटी (GST) में उनकी हिस्सेदारी मिलती रहेगी।

सरकार अपनी नाकामी  छिपाने के लिए मंईयां योजना बंद होने का डर दिखा रही

उन्होंने कहा कि यह सरकार अपनी नाकामी छुपाने के लिए मंईयां सम्मान योजना, अबुआ आवास योजनाओं के बंद होने का डर दिखाकर लोगों की सहानुभूति बटोरना चाहती है परंतु राज्य की जनता इनका सारा पैंतरा समझ रही है। हेमन्त सरकार पहले यह बतलाए कि खनिज संसाधनों की दृष्टि से देश के सबसे समृद्ध राज्यों में से एक होने के बावजूद उनकी सरकार सात वर्षों के कार्यकाल में झारखंड में केवल 3 खनिज खदानों की ही नीलामी क्यों करा सकी है। जबकि इस दौरान पूरे देश में 434 खनिज ब्लॉक की नीलामी हुई है। पड़ोसी राज्य ओडिशा में 45,  छत्तीसगढ़ में 49 खदानों की नीलामी हुई। इससे झारखंड में राजस्व भी कम प्राप्त हुआ है। जबकि उन राज्यों को भारी राजस्व प्राप्त हुआ है। झारखंड को मौजूदा खदानों पर अतिरिक्त कर भार डालने की बजाय, इस क्षेत्र से प्राप्त होने वाले राजस्व के इस नए स्रोत का उपयोग करना चाहिए।

डीएमएफटी में जारी है लूट, अब तक 2000 करोड़ के घोटाले का आरोप

श्री साहू ने कहा कि हेमंत सरकार को बहुत राज्य के खनिज संपदाओं की चिंता है तो उनके सात वर्ष के कार्यकाल में झारखंड में खनिज संपदाओं की जो ऐतिहासिक लूट हुई है, वह किसी से छिपा नहीं है। हेमंत सोरेन दोनों हाथों से इसे लुटवाते रहे हैं, सरकार ने उस पर विराम क्यों नहीं लगाया। पूरे खनिज संपदा को बेचने का काम इस सरकार ने किया है। श्री साहू ने कहा कि DMFT फंड की बंदरबांट और लूट खसोट किसी से छिपी है क्या। बोकारो, चाईबासा, रांची, कोडरमा, रामगढ़, धनबाद सहित पूरे राज्य भर में 2000 करोड़ का घोटाला हुआ है। केवल बोकारो में ही 631 करोड़ का घोटाला सामने आया है। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता जानना चाहती है कि वर्षों से अवैध खनन, खनिजों की लूट और सरकारी संरक्षण में फलते-फूलते कथित खनन माफिया के खिलाफ आपकी सरकार ने क्या किया? राज्य की खनिज संपदा की रक्षा करनी थी तो अपने शासन में हो रही कथित खनिज लूट पर इतनी ही मुखरता क्यों नहीं दिखाई?

श्री साहू ने कहा कि झारखंड के छात्र परीक्षा और भर्ती में कथित भ्रष्टाचार को लेकर सड़क पर हैं, CBI जांच की मांग कर रहे हैं और सरकार से जवाब मांग रहे हैं। ठीक उसी समय मुख्यमंत्री जी एक नया महाआंदोलन खड़ा करने की घोषणा कर रहे हैं। इसका उद्देश्य छात्रों के सवालों और सरकार की जवाबदेही से जनता का ध्यान भटकाना नहीं तो क्या है? श्री साहू ने कहा कि बंगाल में भी मुद्दों से ध्यान भटकाने और टकराव की राजनीति का यही तरीका देखने को मिला। अंततः जनता ऐसी राजनीति का हिसाब अपने तरीके से करती है।

Tags - Jharkhand BJP JMM Hemant Soren MMDR Bill